UKnews-इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत, परिजनों का निजी अस्पताल में हंगामा
–दो दिन पहले मौत होने का आरोप, अस्पताल प्रबंधन पर जानकारी छिपाने और रुपये लेने के गंभीर आरोप
रुद्रपुर। किच्छा रोड स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 26 वर्षीय महिला की मौत के बाद मंगलवार को परिजनों ने जमकर हंगामा किया। नानकमत्ता के प्रतापपुर निवासी नीतू चौधरी को 29 सितंबर की शाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत दो दिन पहले ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रबंधन उन्हें उसकी हालत ठीक होने की बात कहकर इलाज जारी रहने की जानकारी देता रहा।
परिजनों के अनुसार नीतू के सिर की नस में सूजन की शिकायत सामने आई थी। इसके बाद अस्पताल में उसका सीटी स्कैन और एमआरआई कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। परिजनों का कहना है कि अस्पताल में ब्लड, यूरिन समेत अन्य जांच कराई गईं और लगातार दवाएं चलती रहीं। उनका आरोप है कि दो दिन पहले तक डॉक्टर महिला के ठीक होने की बात कह रहे थे।
परिजनों के मुताबिक सोमवार शाम वे नीतू से मिलने अस्पताल पहुंचे थे। उस समय उसका पूरा शरीर ठंडा और अकड़ा हुआ था, लेकिन अस्पताल की ओर से उसकी मौत की जानकारी नहीं दी गई। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे अस्पताल प्रबंधन ने नीतू को मृत घोषित किया। इसके बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के नाम पर लगातार रुपये लिए गए और महिला की मौत की जानकारी उनसे छिपाई गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि नीतू की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसकी दो बेटियां हैं, जिनमें एक करीब छह वर्ष और दूसरी डेढ़ वर्ष की है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
फिलहाल अस्पताल प्रबंधन का पक्ष सामने नहीं आ सका है। मौत की वास्तविक वजह और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



UK…शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के आरोपी नरेश पांडे को जमानत नहीं, कोर्ट ने खारिज की अर्जी