उत्तराखंड…तेज रफ्तार डंपर ने छीनी मासूम की जिंदगी -छुट्टियां मनाने आई 14 वर्षीय आदिया की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। बनभूलपुरा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। गर्मियों की छुट्टियां बिताने अपने मामा के घर आई 14 वर्षीय किशोरी आदिया की तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से मुरादाबाद निवासी आदिया पुत्री अब्दुल रहमान इन दिनों बनभूलपुरा के इंद्रानगर बरसाती स्थित अपने मामा के घर रह रही थी। सोमवार शाम वह अपनी ममेरी बहन के साथ स्कूटी से बाजार सामान लेने निकली थी। इसी दौरान शनिबाजार रोड पर गौलापार की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि आदिया डंपर के पहिए के नीचे आ गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं स्कूटी चला रही उसकी ममेरी बहन को मामूली चोटें आईं और वह बाल-बाल बच गई।
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए और प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। सूचना पर पहुंची बनभूलपुरा पुलिस ने भीड़ को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
बनभूलपुरा थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल ने बताया कि पुलिस ने डंपर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उसकी गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे से आदिया के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। छुट्टियां बिताने आई मासूम की असमय मौत ने परिवार की खुशियां छीन लीं, वहीं क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UK…जनता दरबार से गायब अफसरों पर डीएम का डंडा -नोटिस जारी कर मांगा जवाब