utrarakhand-हल्द्वानी डकैती कांड का बड़ा खुलासा : हथियारों के दम पर 8 लाख की लूट, दो नकाबपोश गिरफ्तार

खबर शेयर करें 👉

पिस्टल-तमंचे और आठ जिंदा कारतूस बरामद, लूटी गई 66 हजार रुपये की रकम मिली; जुए में हारी रकम की भरपाई के लिए रची थी साजिश

हल्द्वानी। गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर लाखों रुपये की डकैती के मामले का नैनीताल पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 66 हजार रुपये की नकदी, एक तमंचा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 19 अगस्त की शाम डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र के गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों ने लूटपाट की है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। वादी नारायण दास निवासी अंबा विहार, तीनपानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि हथियारबंद बदमाशों ने उनके कार्यालय और गैराज में डकैती डालकर करीब आठ लाख रुपये, 12 मोबाइल फोन, सोने की तीन चेन और अंगूठी आदि लूट ली।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  uttarakhand-सम्मोहन और भूत-प्रेत का भय दिखाकर 70 वर्षीय महिला से तीन लाख के जेवर लूटे

मामले में हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता को सौंपी गई।

50 पुलिसकर्मियों की टीम ने शुरू किया अभियान

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल करीब 50 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की। टीम में एसपी क्राइम एवं यातायात डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार सैनी, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद समेत थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, अपराध विशेषज्ञ, बीडीएस और डॉग स्क्वायड को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच करने के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और तकनीकी निगरानी के जरिए संदिग्धों की पहचान शुरू की। जांच के दौरान वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह पुलिस के रडार पर आए।

जुए में लाखों हारने के बाद रची डकैती की साजिश

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वे किच्छा निवासी यश सडाना के संपर्क में आए थे। यश सडाना के बारे में उन्हें बताया गया कि गोरापड़ाव में बड़े पैमाने पर लाखों रुपये का जुआ खेला जाता है। पुलिस के मुताबिक, जुए में बड़ी रकम हारने के बाद यश आर्थिक तंगी से गुजर रहा था और उसने डकैती के जरिए रकम जुटाने की योजना बनाई।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  दिल्ली हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: बालिगों का लिव-इन रिश्ता शादी जैसा -पसंद के साथी के साथ रहने से कोई नहीं रोक सकता

इसके बाद आरोपियों ने अन्य लोगों को साथ मिलाया और वारदात से पहले घटनास्थल की रेकी की। योजना के तहत नकाब पहनकर हथियारों के साथ कार्यालय में घुसे और वहां मौजूद लोगों को डराकर नकदी, मोबाइल फोन और जेवरात लूट लिए। वारदात के बाद आरोपी रकम बांटकर अलग-अलग ठिकानों को चले गए। पुलिस के अनुसार, डिजिटल साक्ष्य से बचने के लिए लूटे गए मोबाइल फोन रास्ते में ही फेंक दिए गए।

दो आरोपियों से 66 हजार रुपये और तमंचा बरामद

पुलिस ने वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू के कब्जे से 31 हजार रुपये और चार जिंदा कारतूस बरामद किए। वहीं रखवीर सिंह के पास से 35 हजार रुपये, 315 बोर का तमंचा और चार जिंदा कारतूस मिले। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 61(2) और 317(3) की बढ़ोतरी की गई है।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  uttarakhand-शराब के नशे में वाहन चलाने पर काठगोदाम पुलिस की सख्ती, तीन चालक गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, वारदात संगठित तरीके से किए जाने के आधार पर भारतीय न्याय संहिता के नए प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की जाएगी, जिसमें गंभीर मामलों में आजीवन कारावास से लेकर मृत्युदंड तक का प्रावधान है।

गिरफ्तार आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

गिरफ्तार आरोपी रखवीर सिंह के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इनमें केलाखेड़ा थाने में हत्या के प्रयास, बलवा और अन्य धाराओं में मुकदमा, गैंगस्टर अधिनियम के तहत कार्रवाई तथा दिनेशपुर, रुद्रपुर और नानकमत्ता थानों में विभिन्न धाराओं के मुकदमे शामिल हैं। वहीं वंशप्रीत सिंह के आपराधिक इतिहास की जानकारी पुलिस जुटा रही है।

एसएसपी नैनीताल ने डकैती कांड के शीघ्र खुलासे के लिए पुलिस टीम की सराहना करते हुए टीम को 2,500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।

ADVERTISEMENTS

Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad Ad
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119