uttarakhand-कांवड़ मेले में नकली नोटों का खेल! हरकी पैड़ी पर 30 हजार के जाली नोट बरामद, आरोपी फरार
हरिद्वार। कांवड़ मेले के बीच हरकी पैड़ी क्षेत्र में नकली नोट खपाने का मामला सामने आने से पुलिस में हड़कंप मच गया। कांवड़ियों के वेश में आए कुछ युवकों ने एक व्यापारी के साथ लेनदेन के दौरान कथित तौर पर नकली नोट चलाने का प्रयास किया। शक होने पर व्यापारी ने उन्हें पकड़ लिया, लेकिन आरोपी मौका पाकर भीड़ में फरार हो गए।
घटना शहर कोतवाली क्षेत्र की हरकी पैड़ी चौकी के अंतर्गत काली मंदिर के पास की बताई जा रही है। आरोपियों के पास से करीब 30 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने नकली नोटों को कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर दिया है।
बताया जा रहा है कि कांवड़ियों के भेष में आए युवकों ने व्यापारी के साथ लेनदेन किया। नोटों पर शक होने के बाद व्यापारी ने युवकों को पकड़ लिया। इसी दौरान आरोपी उसके चंगुल से छूटकर भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जिस समय आरोपी फरार हुए, उस दौरान मेला पुलिस के जवान भी आसपास मौजूद थे। इसके बावजूद भीड़ का फायदा उठाकर आरोपी भागने में सफल रहे।
पुलिस को आरोपियों के पास से मुरादाबाद और चंदौसी के रेलवे टिकट भी मिले हैं। इन टिकटों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस इन टिकटों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।
शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि काली मंदिर के पास से नकली नोट बरामद हुए हैं। इन्हें कब्जे में लेकर जीडी में दाखिल कर दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों व सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand-क्रीड़ा विश्वविद्यालय में 122 नियमित पद सृजित -गंगा एक्सप्रेसवे विस्तार को भी हरी झंडी