उत्तराखंड…अवैध पिस्टल से रौब झाड़ना पड़ा भारी -ट्रिगर दबते ही साथी के चेहरे में धंसी गोली

खबर शेयर करें 👉

देहरादून। पटेलनगर क्षेत्र में अवैध पिस्टल दिखाकर रौब झाड़ना एक युवक को भारी पड़ गया। फ्लैट में पिस्टल देखने के दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और चली गोली प्रॉपर्टी डीलर हंसराज सैनी के चेहरे पर नाक के पास जा लगी। गंभीर रूप से घायल हंसराज की जान बाल-बाल बच गई। पुलिस ने आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को गिरफ्तार कर अवैध 32 बोर की पिस्टल बरामद कर ली है।

एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल के अनुसार, घटना गुरुवार देर रात पटेलनगर क्षेत्र स्थित ओम सिटी के एक किराये के फ्लैट में हुई। फ्लैट में हंसराज सैनी अपने साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल के साथ मौजूद था। इसी दौरान हंसराज ने हाल ही में 65 हजार रुपये में खरीदी गई पिस्टल दिखाई। आरोप है कि गोपाल शर्मा पिस्टल को देखने और चेक करने लगा, तभी अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  उत्तराखंड...दहेज की भूख में टूटा रिश्ता -विवाहिता को पीटकर दिया तीन तलाक, पति समेत 8 पर मुकदमा

गोली हंसराज की नाक के पास लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हंसराज की शिकायत पर पुलिस ने गोपाल शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। शनिवार को पुलिस ने आरोपी को ओम सिटी के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर झाड़ियों में फेंकी गई 32 बोर की पिस्टल भी बरामद कर ली गई।

फ़ास्ट न्यूज़ 👉  उत्तराखंड..."धामी का किसान कार्ड : 8 लाख किसानों के खातों में पहुंचे 159 करोड़ -मुफ्त सिंचाई से लेकर 1000 करोड़ की क्लाइमेट फार्मिंग योजना का ऐलान"

पुलिस जांच में सामने आया कि पिस्टल का कोई लाइसेंस नहीं था और वह अवैध रूप से रखी गई थी। हंसराज ने आरोप लगाया कि घटना के बाद गोपाल शर्मा ने उसे डराकर सच्चाई छिपाने का दबाव बनाया। आरोपी ने कहा कि यदि पिस्टल के बारे में बताया गया तो लाइसेंस न होने के कारण पुलिस उसे ही गिरफ्तार कर सकती है। इसके बाद आरोपी ने कमरे में फैले खून के निशान साफ किए और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर पहले भी बलवा और मारपीट के मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें

👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें

👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119