उत्तराखंड : गुरुद्वारे की छत पर चढ़े निहंग -प्रबंधक को बनाया बंधक, गिरफ्तार साथियों की रिहाई को लेकर बवाल
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले के नगरासू स्थित गुरुद्वारे में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया जब कुछ निहंग सिख श्रद्धालुओं ने जमकर हंगामा करते हुए गुरुद्वारे के प्रबंधक को बंधक बना लिया और उन्हें अपने साथ लेकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए। निहंगों के पास भाला, तलवार, कुल्हाड़ी और कृपाण जैसे शस्त्र होने के कारण पुलिस प्रशासन में भी अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हंगामा कर रहे निहंग श्रद्धालु 16 जून को कर्णप्रयाग बाजार में हुई हिंसक झड़प के बाद गिरफ्तार किए गए निहंगों की रिहाई की मांग कर रहे हैं। घटना की सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया। रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं तथा निहंगों को समझाकर नीचे उतारने के प्रयास किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि 16 जून को श्री हेमकुंड साहिब से मत्था टेककर लौट रहे कुछ निहंग सिखों का कर्णप्रयाग बाजार में वाहन खड़ा करने को लेकर स्थानीय लोगों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर तलवार से हमला किया गया, जिसमें चार लोग घायल हो गए थे। झड़प में एक सिख श्रद्धालु भी घायल हुआ था। इस मामले में पंजाब के मोहाली निवासी चार सिख श्रद्धालुओं को गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, पंजाब से आए कुछ निहंग सिख रविवार को प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन के लिए नगरासू गुरुद्वारे के प्रबंधकों से सहयोग मांग रहे थे। अपेक्षित समर्थन नहीं मिलने पर उन्होंने शनिवार शाम गुरुद्वारे में तोड़फोड़ और हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद प्रबंधक को अपने साथ लेकर गुरुद्वारे की छत पर चढ़ गए और नारेबाजी करने लगे।
फिलहाल प्रशासन हालात को शांतिपूर्ण ढंग से नियंत्रित करने की कोशिश में जुटा है और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
40.600 किलो गांजा बरामदगी में एक दोषी, दूसरा बरी–अदालत ने सुनाई 11 साल की कठोर सजा, 1.10 लाख रुपये जुर्माना
उत्तराखंड : बिना तलपट मानचित्र स्वीकृति के 50 बीघा में अवैध प्लॉटिंग -एमडीडीए ने किया सील