uttarakhand-तलाक की भनक लगने पर पति ने रची हत्या की साजिश -सोते समय काजल को मारी दो गोलियां
–क्लेमनटाउन हत्याकांड का खुलासा, फरार पति गिरफ्तार; तमंचा, कारतूस और खून से सनी शर्ट बरामद
देहरादून। क्लेमनटाउन थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में 26 वर्षीय काजल की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार पति को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था और आरोपी को पता चला था कि काजल उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है। इसी बात से नाराज होकर उसने हत्या की साजिश रची।
एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने गुरुवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर बताया कि काजल की हत्या उसके पति धीरज पंवार उर्फ लल्लू (30) निवासी मेघा शर्करपुर, थाना पुरकाजी, जिला मुजफ्फरनगर ने की थी। पुलिस ने बुधवार शाम उसे क्लेमनटाउन क्षेत्र से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और घटना के समय पहनी गई खून से सनी शर्ट बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक धीरज शादी के बाद से पत्नी और दो बच्चों के साथ सुभाषनगर स्थित अपनी ससुराल में रह रहा था। पिछले करीब एक वर्ष से दोनों के बीच विवाद चल रहा था। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पिछले तीन महीने से काजल उसे घर में प्रवेश नहीं करने दे रही थी और बच्चों से भी मिलने नहीं दे रही थी। करीब एक महीने पहले उसे जानकारी मिली कि काजल उससे तलाक लेने की तैयारी कर रही है।
पुलिस का कहना है कि इसी बात से नाराज होकर धीरज ने हत्या की योजना बनाई। वारदात को अंजाम देने के लिए उसने सहारनपुर से देसी तमंचा खरीदा। 21 सितंबर की सुबह वह मौका पाकर घर का टीन का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसा और गहरी नींद में सो रही काजल के सिर और पेट में दो गोलियां मार दीं। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, घटना को दूसरा रूप देने के लिए आरोपी ने 112 पर फोन कर हाथापाई के दौरान गोली चलने की झूठी कहानी बताई थी। वारदात के बाद मोबाइल बंद कर फरार होने के कारण पुलिस को आरोपी की तलाश में समय लगा।
वहीं, डीके मित्तल से जुड़ी संपत्ति के एक हिस्से में परिवार के रहने और उससे संबंधित प्रॉपर्टी विवाद के पहलू की भी पुलिस जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : एम्स किच्छा में नौकरी के नाम पर फर्जीवाड़ा -भाई-बहन समेत पांच गिरफ्तार
दवाओं की कीमत और महंगी ब्रांडेड दवाओं पर सुप्रीम कोर्ट सख्त -29 सितंबर को अगली सुनवाई
गौलापार की छह दुग्ध समितियों ने खरीदा 2.50 करोड़ का दूध, 22 लाख बोनस बांटा