uttarakhand-देवीधुरा में गूंजा रणबांकुरों का जयघोष –आठ मिनट तक चला विश्व प्रसिद्ध बग्वाल का रोमांचक फल-फूल युद्ध
चंपावत। देवीधुरा स्थित मां वाराही शक्तिपीठ मंदिर परिसर में विश्व प्रसिद्ध बग्वाल मेला उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ संपन्न हुआ। अनोखे फल-फूल युद्ध को देखने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु देवीधुरा पहुंचे। बग्वाल के दौरान रणबांकुरों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला, वहीं इस ऐतिहासिक परंपरा के विहंगम दृश्य का साक्षी बनने के लिए लोग सुबह से ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में जुटने लगे थे।
चार खाम और सात थोक के हजारों युवा, बच्चे और बुजुर्ग सुबह से ही देवीधुरा पहुंचना शुरू हो गए थे। रणबांकुरे हाथों में लाठी और फर्रे लेकर मां वाराही शक्तिपीठ की परिक्रमा करने पहुंचे। निर्धारित परंपराओं के पालन के बाद बग्वाल की अनुमति मिलने का इंतजार किया गया।
दोपहर एक बजकर 48 मिनट पर बग्वाल शुरू होते ही पूरा परिसर रणभूमि में तब्दील हो गया। दोनों ओर से रणबांकुरों ने उत्साह के साथ फल और फूलों की बौछार शुरू कर दी। करीब आठ मिनट तक चले इस अनोखे फल-फूल युद्ध ने वहां मौजूद हजारों लोगों को रोमांचित कर दिया।
बग्वाल देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। मंदिर परिसर के मैदान से लेकर आसपास के घरों और ऊंचे स्थानों तक जहां जिसे जगह मिली, वहीं से लोग इस ऐतिहासिक परंपरा को देखते नजर आए। बग्वाल के दौरान पूरा क्षेत्र जयघोष और उत्साह से गूंजता रहा।
बग्वाल समाप्त होने के बाद रणबांकुरों और श्रद्धालुओं ने मां वाराही मंदिर में पहुंचकर मत्था टेका और मां का आशीर्वाद लिया। धार्मिक आस्था, लोक परंपरा और साहस के अद्भुत संगम वाली देवीधुरा की बग्वाल एक बार फिर हजारों लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

utrarakhand-गोरापड़ाव डकैती कांड के दो और शातिर गिरफ्तार -तमंचे-कारतूस समेत ₹1.40 लाख बरामद
हल्द्वानी में मुथूट फाइनेंस की 68वीं शाखा का शुभारंभ -बरेली रोड पर बढ़ी वित्तीय सेवाओं की पहुंच
उत्तराखंड : कंपनी के एमडी बनकर जीएम को लगाया 3.20 करोड़ का चूना -कोलकाता से साइबर ठग गिरफ्तार