उत्तराखंड…सावन के पहले सोमवार को जलाभिषेक के दौरान सरयू में बहा 8 वर्षीय मासूम -तलाश जारी
बागेश्वर। सावन माह के पहले सोमवार को कपकोट के शिवालय घाट पर जलाभिषेक के दौरान एक हृदयविदारक हादसा हो गया। अपनी मां के साथ पूजा-अर्चना करने आया आठ वर्षीय बालक सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़े स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन देर शाम तक मासूम का कोई पता नहीं चल सका। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत लाहूर निवासी नंदन सिंह का आठ वर्षीय पुत्र राकेश सिंह, जो कक्षा दो का छात्र था, अपनी मां कमला देवी के साथ कपकोट शिवालय घाट पर जलाभिषेक करने पहुंचा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कमला देवी नदी से जल भर रही थीं। इसी दौरान राकेश भी नदी किनारे जल लेने पहुंचा, तभी उसका पैर फिसल गया और वह सरयू नदी के तेज बहाव में बह गया।
मौके पर मौजूद स्थानीय युवक ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगाकर मासूम को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज धारा के आगे उनकी कोशिश सफल नहीं हो सकी और बालक देखते ही देखते नदी में लापता हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने घटना स्थल से लेकर बागेश्वर तक सरयू नदी में व्यापक खोज अभियान चलाया। हालांकि नदी का तेज बहाव और लगातार बढ़ता जलस्तर रेस्क्यू अभियान में बड़ी चुनौती बना हुआ है।
बताया गया कि पीड़ित परिवार बच्चों की पढ़ाई के लिए वर्तमान में कपकोट तहसील मुख्यालय में किराये के मकान में रह रहा है। परिवार में एक बड़ी बेटी और छोटा बेटा राकेश था। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक जितेंद्र सिंह मेहरा ने जिले के सभी प्रमुख शिवालयों और नदी घाटों पर जल पुलिस तथा अतिरिक्त पुलिस बल को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाएं, सेल्फी लेने या स्नान करने से बचें तथा सुरक्षा संबंधी सभी निर्देशों का पालन करें।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
उत्तराखंड…कॉर्बेट में वनकर्मियों पर मारपीट का आरोप –युवक पेट्रोल लेकर चौकी की छत पर चढ़ा, मचा हड़कंप
चोसला वन में हरियाली का महाअभियान: ‘घुघूति जागर’ टीम और टाटा परिवार ने रोपे सैकड़ो पौधे
मानसून का कहर : उत्तर और पूर्वी भारत में 17 की मौत, जम्मू-कश्मीर सबसे ज्यादा प्रभावित, कई राज्यों में रेड अलर्ट