उत्तराखंड : बेरीनाग में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली ने ली एक और जान -ढाई घंटे इंतजार के बाद पहुंची एंबुलेंस
बेरीनाग। पहाड़ों में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं और लचर आपातकालीन व्यवस्था का खामियाजा एक और परिवार को अपने युवा बेटे को खोकर भुगतना पड़ा। बेरीनाग में समय पर 108 एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण बड़ेत निवासी 42 वर्षीय व्यापारी हरीश बाफिला उर्फ हर दा की हायर सेंटर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। परिजन करीब ढाई घंटे तक एंबुलेंस का इंतजार करते रहे, लेकिन जिस सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंबुलेंस खड़ी थी, वहां रात में चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण उसका संचालन नहीं हो सका। आखिरकार करीब 30 किलोमीटर दूर गणाई गंगोली से एंबुलेंस मंगानी पड़ी। इस घटना ने एक बार फिर पहाड़ की स्वास्थ्य व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं की तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, रविवार देर शाम करीब छह बजे हरीश बाफिला की अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बेरीनाग लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने जांच के दौरान उनका ऑक्सीजन स्तर कम पाया। सांस लेने में अत्यधिक परेशानी को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल हायर सेंटर रेफर कर दिया। साथ ही गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑक्सीजन सुविधा वाली 108 एंबुलेंस से ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद परिजन उन्हें जल्द से जल्द हायर सेंटर पहुंचाने की तैयारी में जुट गए। लेकिन अस्पताल परिसर में 108 एंबुलेंस खड़ी होने के बावजूद उन्हें समय पर सुविधा नहीं मिल सकी। एंबुलेंस के लिए संपर्क करने पर पता चला कि रात में चालक उपलब्ध नहीं होने के कारण बेरीनाग की एंबुलेंस का संचालन नहीं हो सकता। इसके बाद गणाई गंगोली से एंबुलेंस बुलाने की बात कही गई।
एक ओर हरीश की हालत लगातार बिगड़ रही थी, वहीं दूसरी ओर परिजन बेबसी में एंबुलेंस का इंतजार करते रहे। करीब ढाई घंटे बाद रात साढ़े नौ बजे गणाई गंगोली से एंबुलेंस सीएचसी बेरीनाग पहुंची। इसके बाद परिजन उन्हें लेकर हायर सेंटर के लिए रवाना हुए, लेकिन अल्मोड़ा से करीब 10 किलोमीटर पहले एनडीटीडी के पास हरीश ने दम तोड़ दिया।
रात में एंबुलेंस सेवा बंद होने की जानकारी नहीं : सीएमओ
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. जेएस चुफाल ने बताया कि उन्हें बेरीनाग में रात्रि के समय 108 एंबुलेंस का संचालन नहीं होने की जानकारी नहीं थी। किस कारण से रात में सेवा बंद है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। उन्होंने कहा कि गणाई गंगोली से एंबुलेंस के देर से पहुंचने के मामले की भी जांच कराई जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित
उत्तराखंड : गौला बाईपास पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत