उत्तराखंड : चोरगलिया से लापता तीनों बालिकाएं हिमाचल के बद्दी से सकुशल बरामद
–CCTV और सर्विलांस से मिले सुराग के आधार पर नैनीताल पुलिस ने की कार्रवाई -नौकरी की तलाश में घर से निकलने की बात आई सामने
हल्द्वानी। चोरगलिया क्षेत्र से लापता हुई तीन बालिकाओं को नैनीताल पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र से सकुशल बरामद कर लिया। इनमें दो नाबालिग और एक बालिग बालिका शामिल है। पुलिस ने तकनीकी निगरानी, CCTV फुटेज और सर्विलांस की मदद से बालिकाओं की लोकेशन ट्रेस कर उन्हें 24 सितंबर को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, 18 सितंबर को चोरगलिया निवासी एक व्यक्ति ने सूचना दी कि उसकी दो पुत्रियां सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने स्कूल और आसपास तलाश की तो पता चला कि दोनों बालिकाएं स्कूल पहुंची ही नहीं थीं। जांच में सामने आया कि एक अन्य बालिका भी उनके साथ गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चोरगलिया में FIR संख्या 45/2026, धारा 140(3) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। बालिकाओं की तलाश के लिए जिले के सभी थानों और DCRB नैनीताल को सूचना दी गई। इसके साथ ही RT सेट और सोशल मीडिया के माध्यम से भी सूचना प्रसारित की गई।
SSP के निर्देश पर गठित की गई विशेष टीम
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए बालिकाओं की सकुशल बरामदगी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित करने के निर्देश दिए। एसपी सिटी मनोज कत्याल और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में तथा थानाध्यक्ष चोरगलिया तारा सिंह राणा और SOG प्रभारी मोहन सिंह सोन के नेतृत्व में टीम ने तलाश शुरू की।
पुलिस टीम ने चोरगलिया, हल्द्वानी, काठगोदाम, रुद्रपुर समेत विभिन्न स्थानों के CCTV फुटेज खंगाले। फुटेज में तीनों बालिकाएं एक साथ जाती हुई दिखाई दीं। इसके बाद तकनीकी निगरानी और सर्विलांस के माध्यम से उनकी लोकेशन का लगातार पता लगाया गया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम 24 सितंबर को हिमाचल प्रदेश के बद्दी क्षेत्र पहुंची और तीनों बालिकाओं को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में बालिकाओं ने बताया कि वे नौकरी की तलाश में घर से बाहर गई थीं। पुलिस जांच के दौरान किसी प्रकार की अनहोनी की बात सामने नहीं आई। बरामदगी के बाद बालिकाओं की काउंसलिंग कराई गई। नाबालिग बालिकाओं को BNSS की धारा 183 के तहत मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान के लिए प्रस्तुत कराया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
कई दिनों से बेटियों की तलाश में परेशान परिजनों ने उनके सकुशल घर लौटने पर राहत की सांस ली और नैनीताल पुलिस की त्वरित कार्रवाई एवं प्रयासों के लिए आभार जताया।
बरामदगी करने वाली पुलिस टीम
- तारा सिंह राणा, थानाध्यक्ष चोरगलिया
- उ0नि0 गौरव जोशी, थाना लालकुआं
- अ0उ0नि0 मनजीत सिंह, थाना चोरगलिया
- कांस्टेबल मुस्तफा अंसारी, थाना चोरगलिया
- कांस्टेबल भूपेन्द्र ज्येष्ठा, SOG नैनीताल
- महिला कांस्टेबल सुमन राणा, थाना चोरगलिया
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : कोसी नदी में डूबने से सेना के जवान की मौत -छुट्टी पर घर आया था जवान
उत्तराखंड में दो दिन भारी बारिश का अलर्ट -पांच जिलों में रेड अलर्ट
22 नवंबर को देहरादून में ऐक्टू का विशाल प्रदर्शन -आशा वर्कर्स की भागीदारी का ऐलान
प्रदेश में साइकिल ट्रैक निर्माण की पहल का यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ने किया स्वागत