उत्तराखंड…दिल्ली से घर लौट रहे युवक की टांडा जंगल में दर्दनाक मौत –अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार
रुद्रपुर। हल्द्वानी-रुद्रपुर हाईवे पर टांडा जंगल क्षेत्र में शनिवार तड़के हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दिल्ली से अपने घर लौट रहे 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी केटीएम बाइक को जोरदार टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार शनिवार सुबह करीब 3:45 बजे पुलिस को सूचना मिली कि रेंज कार्यालय से लगभग डेढ़ किलोमीटर पीछे हाईवे किनारे एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा है। सूचना मिलते ही संजय वन चौकी से एसआई पंकज महर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सड़क किनारे क्षतिग्रस्त केटीएम बाइक और गंभीर रूप से घायल युवक मिला, जिसे तत्काल 108 एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान कुंदन सिंह सम्मल (24) पुत्र खुशाल सिंह सम्मल, निवासी ग्राम रौसिला, काठगोदाम, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। वह पिछले चार वर्षों से दिल्ली के एक होटल में कार्यरत थे और छुट्टियां बिताने के लिए बाइक से अपने घर लौट रहे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टांडा जंगल क्षेत्र में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कुंदन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। कुंदन परिवार के सबसे बड़े बेटे थे और परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे थे। उनके परिवार में दो छोटे भाई और एक बहन हैं।
थानाध्यक्ष पंतनगर नंदन सिंह रावत ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फरार वाहन और उसके चालक की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

खाद्य कारोबारियों को बड़ी राहत : FSSAI ने बदले लाइसेंस नियम -अब दुकानदारों-थोक कारोबारियों को नहीं रखना होगा रिकॉर्ड
उत्तराखंड…सात दुकानों में चोरी का पर्दाफाश : 45 मुकदमों वाला हिस्ट्रीशीटर ‘पिद्दा’ साथी समेत गिरफ्तार, ₹2.28 लाख नकद और बाइक बरामद