मुंहबोली बहन बनाकर लिए मकान के कागजात-उसी संपत्ति को 2.58 करोड़ में बेचने का आरोप
हल्द्वानी। शराब कारोबारी पर एक महिला को मुंहबोली बहन बनाकर उसके मकान के कागजात हासिल करने और बाद में कथित तौर पर उसी संपत्ति को 2.58 करोड़ रुपये में बेचने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने शराब कारोबारी समेत कई लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, छड़ायल नयाबाद निवासी एक फौजी की पत्नी ने मंडलायुक्त दीपक रावत को शिकायती पत्र देकर भुवन चंद्र जोशी उर्फ कन्नू जोशी समेत कई लोगों पर आरोप लगाए हैं। महिला के मुताबिक करीब दो वर्ष पहले उसकी मुलाकात भुवन चंद्र जोशी से हुई थी। उस समय वह कमला एसोसिएट के नाम से शराब का कारोबार करता था। आरोप है कि उसने महिला को मुंहबोली बहन बनाकर कारोबार का विस्तार करने के लिए तीन महीने के लिए मकान के कागजात मांगे और बदले में हर महीने डेढ़ लाख रुपये देने का भरोसा दिया।
महिला का आरोप है कि ऋण के पंजीकृत अनुबंध के नाम पर आरोपी उसे तहसील ले गया। वहां कोल्ड ड्रिंक पिलाने के बाद उससे दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करा लिए गए। इसके बाद बैंक से संबंधित पत्र, चेकबुक, एटीएम और पासबुक भी अपने पास रख लिए गए। आरोप है कि बैंक खाते में अपना मोबाइल नंबर और यूपीआई आईडी भी दर्ज करा दी गई।
पीड़िता के अनुसार, 70 लाख रुपये के ऋण के लिए उसे बैंक भी ले जाया गया। तीन महीने बाद जब मकान के कागजात वापस नहीं मिले तो उसने अपने स्तर से जानकारी जुटाई। महिला का दावा है कि जांच में उसे पता चला कि उसका मकान दिल्ली निवासी राज किशोर वर्मा को 2.58 करोड़ रुपये में बेच दिया गया है। संपत्ति पर 1.70 करोड़ रुपये का बैंक ऋण भी दर्ज था।
मामला सामने आने के बाद आरोपी की ओर से चेक देकर विवाद शांत कराने का प्रयास किए जाने का भी आरोप है। हालांकि, महिला के अनुसार चेक बाउंस हो गए।
महिला ने भुवन चंद्र जोशी के अलावा भुवन चंद्र पांडे, बैंक ऑफ महाराष्ट्र रामनगर के शाखा प्रबंधक सुनील कुमार, स्वाती, सीए मोहित कांडपाल, अंकुर अग्रवाल, अंकुर जैन, विकास वर्मा, शैलेंद्र और राज किशोर वर्मा समेत कई लोगों पर मिलीभगत का आरोप लगाया है।
एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

सीबीएसई नेशनल स्विमिंग चैंपियनशिप में मोटाहल्दू के रूद्र जोशी ने रचा इतिहास -उत्तराखंड को दिलाया पहला स्वर्ण
uttaralkand-दहेज उत्पीड़न मामले में मृतका की सास और दो ननदों की गिरफ्तारी पर हाईकोर्ट की रोक