कांग्रेस की रैली पर अजय भट्ट का तीखा हमला -बोले : चुनाव नजदीक आते ही सताने लगा हार का डर
-एसएसपी कार्यालय में हंगामे और अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल पर भी जताई कड़ी आपत्ति
हल्द्वानी। कांग्रेस की ओर से हल्द्वानी में आयोजित विधानसभा चुनावी रैली को लेकर पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री एवं नैनीताल-ऊधम सिंह नगर सांसद अजय भट्ट ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही कांग्रेस को अपनी हार का डर सताने लगा है। यही वजह है कि अब जनता को बरगलाने के लिए बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनता सब समझती है और चुनाव में इसका जवाब अपने मत से देती है।
अजय भट्ट ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि संसद में सरकार की ओर से चर्चा के लिए आमंत्रित किए जाने के बावजूद कांग्रेस के नेता सदन में बहस से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि बाहर आकर विपक्ष को संसद में बोलने नहीं देने का आरोप लगाना और सदन के भीतर हंगामा कर महत्वपूर्ण जनहित के विषयों पर चर्चा बाधित करना कांग्रेस की दोहरी राजनीति को दर्शाता है।
विकास के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को देश में हो रहा विकास दिखाई नहीं देता। भाजपा सरकार के कार्यकाल में देश का बुनियादी ढांचा लगातार मजबूत हुआ है। शहरों से लेकर गांवों तक सड़क, रेल और अन्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
छात्रों के मुद्दे पर भी कांग्रेस पर निशाना
छात्रों के आंदोलन को लेकर भी अजय भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं को राजनीतिक रंग देकर उन्हें भटकाने का प्रयास किया गया, लेकिन सरकार ने छात्रों की बात सुनी और नकल विरोधी कानून की दिशा में प्रभावी कदम उठाए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद नकल माफिया के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हुई है। उनके अनुसार प्रदेश में 100 से अधिक नकल माफिया जेल की सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक और नकल को लेकर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को उत्तराखंड के कठोर नकल विरोधी कानून और सरकार की कार्रवाई को देखना चाहिए।
राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
सांसद अजय भट्ट ने राम मंदिर में चंदे को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान पर भी पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भगवान श्रीराम और राम मंदिर के विषय पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लंबे समय तक अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण के पक्ष में नहीं रही।
आपातकाल का जिक्र करते हुए अजय भट्ट ने कांग्रेस पर लोकतंत्र की दुहाई देने को लेकर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस के शासनकाल में देश में आपातकाल लगाया गया, वही आज लोकतंत्र की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि देश के विभाजन की त्रासदी को भी जनता भूली नहीं है। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में उन लाखों लोगों की पीड़ा को याद किया जाता है, जिन्होंने विभाजन के दौरान विस्थापन और हिंसा का दंश झेला।
गिनाईं भाजपा सरकार की उपलब्धियां
अजय भट्ट ने कहा कि कांग्रेस विकास नहीं होने का आरोप लगाकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है, जबकि धरातल पर तस्वीर इसके बिल्कुल उलट है। उन्होंने कहा कि ऊधम सिंह नगर में एम्स का निर्माण हो रहा है, हल्द्वानी के गौलापार में खेल विश्वविद्यालय की दिशा में काम आगे बढ़ रहा है और उत्तराखंड में कई महत्वपूर्ण राजमार्गों का निर्माण हो चुका है।
उन्होंने कहा कि राज्य में लंबी दूरी की ट्रेनों के साथ आधुनिक रेल सेवाओं के विस्तार की तैयारी चल रही है। बेहतर संपर्क व्यवस्था से पर्यटन और तीर्थाटन को नई गति मिल रही है, जिससे रोजगार, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।
एसएसपी कार्यालय में हंगामे पर जताई कड़ी आपत्ति
कांग्रेस की रैली के दौरान एसएसपी कार्यालय में प्रवेश कर कथित तौर पर अमर्यादित भाषा के इस्तेमाल और हंगामे पर भी सांसद अजय भट्ट ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में नेता प्रतिपक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहने वाले राजनेताओं का आचरण इस प्रकार का नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि एसएसपी कार्यालय में अभद्रता और गलत शब्दों का प्रयोग घोर निंदनीय है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं के इस व्यवहार की कड़ी भर्त्सना करते हुए कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन संवैधानिक और प्रशासनिक संस्थानों में मर्यादा बनाए रखना सभी राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी है।
अजय भट्ट ने कहा कि भाजपा सरकार विकास और सुशासन के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि कांग्रेस चुनाव आते ही जनता के बीच भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि उत्तराखंड की जनता विकास और सुशासन के साथ खड़ी है और आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को इसका जवाब अपने मत से देगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

नशे के खिलाफ ग्राफिक एरा भीमताल में गूंजी शपथ, छात्रों ने लिया ‘नशे को ना’ कहने का संकल्प
uttarakhand-घर में अंदर से ताला, नदी में मिला क्षेत्र पंचायत सदस्य का शव