अल्मोड़ा: एक माह बाद गंगा देवी हत्याकांड का खुलासा, पीआरडी जवान गिरफ्तार
अल्मोड़ा जनपद के लमगड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम सागड़ साहू में 14 नवंबर को हुई गंगा देवी पत्नी मोहन सिंह की हत्या व गहनों की लूट के मामले का पुलिस ने एक माह की कड़ी मशक्कत के बाद खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी गोपाल सिंह को गिरफ्तार किया है।
सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पीजा ने अपने कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि महिला की हत्या व गहनों की लूट के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह एवं क्षेत्राधिकारी गोपाल दास जोशी के पर्यवेक्षण में चौकी प्रभारी भुवन चंद्र जोशी, थाना लमगड़ा प्रभारी प्रमोद पाठक, थानाध्यक्ष धौलछीना सुनील सिंह बिष्ट एवं थानाध्यक्ष दन्या दिनेश नाथ महंत के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमें गठित की गईं।
एसएसपी ने बताया कि मृतका का घर एकांत स्थान पर होने तथा आसपास सीसीटीवी कैमरे न होने के कारण मामले का खुलासा चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद पुलिस टीमों ने लमगड़ा से लेकर हल्द्वानी तक करीब 400 सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा मैनुअल सर्विलांस, फोरेंसिक साक्ष्य व तकनीकी विश्लेषण के माध्यम से जांच को आगे बढ़ाया।
14 दिसंबर को संदेह के आधार पर गोपाल सिंह को पूछताछ के लिए थाने लाया गया। पूछताछ के दौरान उसके कब्जे से ₹1,20,500 बरामद हुए। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने गंगा देवी की हत्या कर गहने लूटने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर हल्द्वानी स्थित एक सुनार की दुकान से लूटे गए कुंडल (ग्लोबल) भी बरामद कर लिए गए।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी गोपाल सिंह कनरा पॉलिटेक्निक में पीआरडी जवान के रूप में तैनात था और सागड़ साहू गांव में स्थायी रूप से रहता था। वह मृतका के खेतों में भी काम करता था। आरोपी ने स्वीकार किया कि उसकी पुत्री की शादी नवंबर के अंत में होनी थी। गंगा देवी ने उसे शादी के लिए ₹25,000 देने का वादा किया था, लेकिन बाद में पैसे नहीं दिए। इसी कारण 14 नवंबर को वह रुपये मांगने गंगा देवी के घर गया। पैसे न मिलने पर उसने ग्लोबल से गला दबाकर उनकी हत्या कर दी और कुंडल लूट लिए।
हत्या के बाद आरोपी ने शव को बिस्तर पर सुलाकर दरवाजा बंद कर दिया और गहनों को पत्थर के नीचे छिपा दिया। 30 नवंबर को बेटी की शादी के बाद 10 दिसंबर को वह गहने बेचने हल्द्वानी गया और सुनार को ₹1,26,000 में बेच दिया।
इस हत्याकांड का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी कुमाऊं रिद्धि अग्रवाल द्वारा ₹15,000 तथा एसपी अल्मोड़ा द्वारा ₹10,000 का नगद इनाम देकर सम्मानित किया गया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम