उत्तराखंड…पुलिस पर फायरिंग का अंजाम : गौकशी तस्कर मोईन एनकाउंटर में पैर में गोली लगने के बाद दबोचा —कप्तान के सामने जोड़ने लगा हाथ
रुद्रपुर। गदरपुर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और फरार गौकशी तस्कर के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने वांछित आरोपी मोईन को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में आरोपी के बाएं घुटने में गोली लगी, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और करीब 17 किलो प्रतिबंधित गौमांस बरामद हुआ है।
जानकारी के अनुसार, एसओजी रुद्रपुर और गदरपुर पुलिस की संयुक्त टीम वांछित एवं इनामी अपराधियों की तलाश में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पिछले माह गदरपुर में गौकशी कर पुलिस टीम पर फायरिंग करने वाला फरार आरोपी मोईन अपने साथी के साथ स्वार की ओर से बाजपुर में गौमांस की तस्करी करने आ रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने बाजपुर क्षेत्र के कनौरा तिराहे पर चेकिंग शुरू कर दी। इसी बीच संदिग्ध बाइक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक तेज रफ्तार से भाग निकला। पुलिस ने पीछा किया तो बाइक आम के बाग के पास अनियंत्रित होकर गिर गई। खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी मोईन के पैर में गोली लगी और वह मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रुद्रपुर में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति भी अस्पताल पहुंचे और आरोपी से पूछताछ की। इस दौरान मोईन एसएसपी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता रहा और दोबारा अपराध न करने की कसमें खाता नजर आया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक तमंचा, तीन जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, करीब 17 किलो प्रतिबंधित गौमांस, नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद मांस की पुष्टि पशु चिकित्सक द्वारा गौमांस के रूप में की गई है।
पूछताछ में मोईन ने स्वीकार किया कि वह मुरादाबाद और उत्तराखंड के विभिन्न क्षेत्रों में गौकशी और गौमांस तस्करी के धंधे में लंबे समय से सक्रिय है। बताया गया कि वह हाल ही में जेल से रिहा हुआ था और बाहर आते ही फिर अपराध की दुनिया में लौट गया।
आरोपी के खिलाफ थाना बाजपुर में धारा 109(1) बीएनएस, 3/25 शस्त्र अधिनियम तथा उत्तराखंड गोवंश संरक्षण अधिनियम की धारा 3, 5, 6 और 11 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की तलाश में पुलिस की दबिश जारी है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी उमेश कुमार, प्रभारी थानाध्यक्ष गदरपुर प्रदीप शर्मा, दलीप सिंह, राजेन्द्र कुमार, राजेन्द्र सिंह, दिनेश रावत सहित अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…ईमेल हैक कर कंपनी को लगाया ₹4.20 लाख का चूना —फर्जी बैंक खाता अपडेट कर उड़ाई रकम