पीएम मोदी के उत्तराखंड दौरे से पहले दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत -15 अप्रैल से दूध के दाम ₹2 प्रति लीटर बढ़े
–20 साल बाद दुग्ध संघ में नियुक्तियों का रास्ता भी खुला, लालकुआं में बोर्ड बैठक में मुकेश बोरा ने जारी किए आदेश
लालकुआं। नैनीताल आँचल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की बोर्ड बैठक में दुग्ध उत्पादकों को बड़ी राहत देते हुए दूध के खरीद मूल्य में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी करने का निर्णय लिया गया है। यह बढ़ी हुई दरें आगामी 15 अप्रैल से लागू होंगी।
संघ के प्रशासनिक भवन में आयोजित बैठक की अध्यक्षता अध्यक्ष मुकेश बोरा ने की। बैठक में विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा के बाद सर्वसम्मति से दुग्ध उत्पादकों के हित में यह फैसला लिया गया।
बैठक में दुग्ध संघों के लिए सेवा नियमावली को भी मंजूरी दी गई, जिससे लगभग 20 वर्षों बाद दुग्ध संघों में नियुक्तियों का रास्ता खुल गया है। लंबे समय से भर्ती प्रक्रिया बंद होने के कारण यह निर्णय महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इस अवसर पर अध्यक्ष मुकेश बोरा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा, सचिव डेरी विकास बीबीआरसी पुरुषोत्तम तथा निदेशक डेरी अशोक कुमार जोशी का आभार व्यक्त किया।
बैठक में जिला अर्थ एवं सांख्यिकी अधिकारी मुकेश नेगी ने सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा से विभिन्न योजनाओं की जानकारी ली और नैनीताल दुग्ध संघ द्वारा सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर संतोष जताया।
उन्होंने कहा कि दुग्ध संघ सरकार की योजनाओं को सही ढंग से लागू कर रहा है और भविष्य में भी योजनाओं का लाभ दुग्ध उत्पादकों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।
बताया गया कि नरेंद्र मोदी के देवभूमि उत्तराखंड आगमन से पूर्व दुग्ध उत्पादकों को राहत देने के उद्देश्य से दूध के खरीद मूल्य में बढ़ोतरी का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे बोर्ड ने स्वीकृति दे दी।
बैठक में दुग्ध उत्पादकों के हित, दुग्ध संग्रहण व्यवस्था में सुधार, संघ की कार्यप्रणाली को मजबूत बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालकों को अधिक सुविधाएं देने से जुड़े विषयों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
दूध के दाम में बढ़ोतरी के इस फैसले से हजारों दुग्ध उत्पादकों और पशुपालकों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से खरीद मूल्य बढ़ाने की मांग कर रहे दुग्ध उत्पादकों में इस निर्णय के बाद खुशी की लहर देखी जा रही है।
बैठक में संचालक मंडल सदस्य गोविंद सिंह मेहता, किशन सिंह बिष्ट, आनंद सिंह नेगी, दीपा देवी, खष्टी देवी, दीपा रैकवाल, पुष्पा देवी, हेमा देवी, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा, वित्त प्रभारी उमेश पठालनी, प्रशासन एवं विपणन प्रभारी संजय सिंह भाकुनी, पी एंड आई सुभाष बाबू, एफओ शांति कोरंगा सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल
उत्तराखंड…होम स्टे में प्रेम-प्रसंग का दर्दनाक अंत –विवाहिता की संदिग्ध मौत, प्रेमी पर हत्या का मुकदमा