पेड़ से टकराई कार, चीनी मिल कर्मी की मौत; परिवार में मचा कोहराम
जसपुर। भूतपुरी रोड पर सड़क किनारे पेड़ से कार टकराने से चीनी मिल में तैनात एक आउटसोर्स कर्मी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नादेही निवासी विपिन कुमार का 21 वर्षीय अविवाहित पुत्र जतिन कुमार स्थानीय चीनी मिल में आउटसोर्स कर्मी के रूप में कार्यरत था। बताया जा रहा है कि विगत देर रात जतिन अपनी कार से किसी कार्य से गया हुआ था। रात करीब एक बजे घर लौटते समय भूतपुरी रोड स्थित चीनी मिल गेट के पास उसकी कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई। घटना के समय जतिन कार में अकेला था।
हादसा इतना भीषण था कि जतिन गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे काशीपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही जतिन ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में शव परिजनों को सौंप दिया। जतिन दो भाइयों में छोटा था। उसकी असमय मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्रीय विधायक आदेश चौहान, चीनी मिल के जीएम सीएस इमलाल, पूर्व विधायक डॉ. शैलेन्द्र मोहन सिंघल, जिलाध्यक्ष मनोज पाल सहित मिल के कर्मचारी मृतक के घर पहुंचे और शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

बिग ब्रेकिंग : रक्षाबंधन से पहले रुड़की में खूनी खेल -दो सगी बहनों की गोली मारकर हत्या, जीजा गंभीर
उत्तराखंड : डिजिटल मीडिया की विज्ञापन दरों पर पुनर्विचार की मांग -श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने डीजी सूचना से की मुलाकात