उत्तराखंड…गंगनहर में मां-बेटी लापता मामला : पति समेत पांच पर दहेज उत्पीड़न का मुकदमा –हत्या की आशंका गहराई
हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र के डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में एक वर्षीय बेटी के साथ लापता हुई विवाहिता के मामले ने सोमवार को नया मोड़ ले लिया। महिला के भाई की शिकायत पर पुलिस ने पति समेत पांच ससुरालियों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न, मारपीट और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, देर शाम तक मां-बेटी का कोई सुराग नहीं मिल सका।
पुलिस और जल पुलिस की टीमों ने दिनभर गंगनहर में सघन तलाश अभियान चलाया, लेकिन दोनों का पता नहीं चल पाया।
पुलिस के अनुसार, पथरी थाना क्षेत्र के रायपुर दरेड़ा निवासी भूपेंद्र कुमार ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन सरिता की शादी 27 जून 2020 को कोटा मुरादनगर निवासी अर्जुन से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति अर्जुन, ससुर बालेश्वर, सास कलावती तथा ननद शीतल और बुलबुल कार की मांग को लेकर सरिता का मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करते थे।
शिकायत में कहा गया है कि 11 जुलाई की रात करीब नौ बजे सरिता ने फोन कर बताया था कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं और उसे तथा उसकी एक वर्षीय बेटी नैन्सी को जान से मारने का प्रयास कर रहे हैं। परिजनों ने उसे समझाया और अगले दिन पहुंचकर बात करने का भरोसा दिया।
आरोप है कि 12 जुलाई की सुबह करीब साढ़े 11 बजे पति अर्जुन ने फोन कर सूचना दी कि सरिता अपनी बेटी को लेकर डीपीएस दौलतपुर के पास गंगनहर में कूद गई है। हालांकि, परिजनों ने आशंका जताई है कि सरिता और उसकी मासूम बेटी को गंगनहर में धक्का देकर हत्या की गई है।
बहादराबाद थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि पति समेत पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है, जबकि गंगनहर में लापता मां-बेटी की तलाश लगातार जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



शासन-प्रशासन की अनदेखी से हुआ हादसा -तीन साल से की जा रही थी सड़क सुरक्षा की मांग
UKnews-मेलाघाट में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई -7.5 कुंतल चीनी अखरोट बरामद