उत्तराखंड…बाबा नीम करौली धाम में मेले की ड्यूटी पर तैनात दो पुलिसकर्मियों पर युवती से छेड़छाड़ का आरोप, मुकदमा दर्ज
उत्तराखंड के विश्वप्रसिद्ध कैंचीधाम मेले में सुरक्षा व्यवस्था संभालने पहुंचे दो पुलिसकर्मियों पर ही एक युवती से छेड़छाड़ और मारपीट का गंभीर आरोप लगने से सनसनी फैल गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़कर जमकर धुनाई कर दी और कैंची चौकी का घेराव कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जानकारी के अनुसार ऊधम सिंह नगर में तैनात एएसआई जगदीश और कांस्टेबल जितेंद्र की ड्यूटी कैंचीधाम मेले में लगाई गई थी। आरोप है कि शनिवार देर रात मंदिर क्षेत्र के समीप स्थित एक होम स्टे संचालक की बेटी के साथ दोनों पुलिसकर्मियों ने छेड़छाड़ की। युवती द्वारा विरोध करने पर कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट भी की गई।
घटना की सूचना फैलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग कैंची चौकी पहुंच गए और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया गया। भवाली कोतवाली प्रभारी प्रकाश सिंह मेहरा ने प्रदर्शनकारियों को निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा दिलाकर माहौल शांत कराया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपित पुलिसकर्मियों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली में मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें उनके शराब के नशे में होने की पुष्टि होने की बात सामने आई है। पीड़िता के पिता की तहरीर पर दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों और सामाजिक संगठनों में भारी नाराजगी है। उनका कहना है कि बाबा नीम करौली महाराज के पवित्र धाम में इस तरह की हरकत न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि आस्था को भी आघात पहुंचाती है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए हैं और स्पष्ट किया है कि दोषी पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही मामले की रिपोर्ट ऊधम सिंह नगर एसएसपी को भी भेजी जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पानी के विवाद में भाजपा नेता की हत्या -गांव में बवाल, आरोपियों के घरों पर चला बुलडोजर