देहरादून : मियांवाला के जौहड़ को मिला नया जीवन -8.64 करोड़ से बना जल सृष्टि पार्क
देहरादून। मियांवाला में लंबे समय से उपेक्षित पड़े पुराने जौहड़ की तस्वीर अब बदल गई है। कभी कूड़े और झाड़ियों से घिरी इस भूमि को मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने करीब 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित कर ‘जल सृष्टि पार्क’ का रूप दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पार्क का लोकार्पण किया।
राजकीय इंटर कॉलेज मियांवाला के समीप विकसित इस पार्क की खासियत यह है कि पुराने जलस्रोत को खत्म करने के बजाय उसके मूल स्वरूप को संरक्षित रखते हुए उसके आसपास सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। करीब 8 करोड़ 63 लाख 83 हजार 518 रुपये की लागत वाली परियोजना का निर्माण मार्च 2024 में शुरू हुआ था और मार्च 2026 में पूरा हुआ।
पार्क में तालाब के बीच आइलैंड बनाया गया है। यहां पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा सुबह-शाम टहलने और दौड़ने के लिए जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, बैठने के लिए बेंच और गजीबो, महिला-पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तथा जलपान गृह जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
बच्चों के लिए चिल्ड्रन पार्क के साथ एजुकेशनल फ्लावर गार्डन भी बनाया गया है। पार्क में पक्षी और जैव विविधता उद्यान विकसित किए गए हैं। स्थानीय प्रजातियों के पौधे लगाने के साथ छायादार वृक्षों और जल संरक्षण से जुड़े उपाय भी किए गए हैं।
लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि पुराने जलस्रोतों का संरक्षण केवल सौंदर्यीकरण का विषय नहीं, बल्कि पर्यावरण और प्राकृतिक विरासत को बचाने की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ हरित क्षेत्र, जल संरक्षण और नागरिक सुविधाओं को भी प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी की निगरानी में विकसित इस परियोजना का उद्देश्य उपेक्षित भूमि को जनउपयोगी बनाना और पुराने जलस्रोत को संरक्षित रखना है। पार्क के विकास के साथ क्षेत्र में हरित स्थान, जल संरक्षण, जैव विविधता और मनोरंजन की सुविधाएं एक साथ उपलब्ध कराई गई हैं।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से पार्क की स्वच्छता और रखरखाव में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार सार्वजनिक स्थल विकसित कर सकती है, लेकिन उन्हें लंबे समय तक स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखना समाज की भी जिम्मेदारी है।
मियांवाला का जल सृष्टि पार्क अब स्थानीय लोगों के लिए हरियाली, जल संरक्षण, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ा नया सार्वजनिक स्थल बन गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

Uk…मुकदमों की जानकारी के सार्वजनिक पोर्टल को बंद करने पर हाईकोर्ट सख्त -डीजीपी को पेश होने की चेतावनी
उत्तराखंड : निठारी कांड के आरोपी सुरेंद्र कोली ने हरिद्वार में फांसी लगाकर की आत्महत्या
uttarakhand-स्पा सेंटरों पर पुलिस का शिकंजा -छह प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई, 30 हजार रुपये जुर्माना