बुजुर्गों के सम्मान पर बड़ा दांव : धामी सरकार का ऐलान—हर जिले में वृद्धाश्रम, कोटाबाग में बनेगा आधुनिक केंद्र”
-वरिष्ठ नागरिक सम्मान समारोह में सीएम धामी ने दी बड़ी सौगातें -सक्रिय जीवनशैली और सुरक्षा पर जोर
हल्द्वानी। हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय मेडिकल कॉलेज प्रेक्षागृह में आयोजित वरिष्ठ नागरिक सम्मान एवं खेल समारोह-2026 का गुरुवार को भव्य समापन हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया और उनके कल्याण के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “वरिष्ठजन केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं।” उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार बुजुर्गों के सम्मान, सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी।
कोटाबाग में बनेगा आधुनिक वृद्धाश्रम, हर जिले में सुविधा का लक्ष्य
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि नैनीताल के कोटाबाग में सभी आधुनिक सुविधाओं से युक्त वृद्धाश्रम का निर्माण किया जाएगा। साथ ही जिन जिलों में अभी वृद्धाश्रम नहीं हैं, वहां भी चरणबद्ध तरीके से उनकी स्थापना की जाएगी।
बुजुर्गों की ऊर्जा बनी प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने वॉलीबॉल, फुटबॉल और बैडमिंटन प्रतियोगिताओं में वरिष्ठ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि उम्र केवल एक संख्या है और जीवन में ऊर्जा बनाए रखना सबसे महत्वपूर्ण है।
6 लाख से अधिक वरिष्ठजनों को मिल रही पेंशन
उन्होंने बताया कि राज्य में लगभग 6 लाख वरिष्ठ नागरिकों को प्रतिमाह 1500 रुपये की पेंशन डीबीटी के माध्यम से दी जा रही है। पति-पत्नी दोनों को अलग-अलग पेंशन देने का निर्णय उनकी आर्थिक स्थिति को और मजबूत कर रहा है।
जेरियाट्रिक केयर और आधुनिक सुविधाओं पर जोर
सरकार वृद्धाश्रमों के आधुनिकीकरण और विस्तार पर फोकस कर रही है। बागेश्वर, चमोली और उत्तरकाशी में संचालित वृद्धाश्रमों के साथ देहरादून, अल्मोड़ा और चम्पावत में नए भवन बन रहे हैं। रुद्रपुर में मॉडल वृद्धाश्रम का निर्माण भी जारी है।
राज्य में पहली बार जेरियाट्रिक केयर गिवर प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे बुजुर्गों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार हो सके।
स्वास्थ्य और सम्मान दोनों पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायक उपकरण, मुफ्त मोतियाबिंद सर्जरी और पोषण-स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। इस वर्ष 1300 बुजुर्गों की निशुल्क सर्जरी का लक्ष्य रखा गया है।
एप लॉन्च और ‘अभय उदय’ का विमोचन
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण हेतु एक विशेष एप लॉन्च किया गया। साथ ही समाज कल्याण विभाग की कॉफी टेबल बुक “अभय उदय” का भी विमोचन किया गया।
13 वरिष्ठ नागरिकों सहित विजेताओं का सम्मान
इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 13 वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही खेल प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को भी मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
सरकार की दो टूक प्रतिबद्धता
मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि राज्य सरकार वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और गरिमामय जीवन के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इस दिशा में निरंतर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक मौजूद रहे, जिससे पूरा प्रेक्षागृह उत्साह और सम्मान के माहौल से भरा नजर आया।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम
उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल