बड़ी खबर : सिडकुल में श्रमिकों के वेतन में बढ़ोतरी लागू -अप्रैल से मिलेगा संशोधित वेतन
रूद्रपुर। सिडकुल पंतनगर स्थित सभी उद्योगों में कार्यरत श्रमिकों के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। सिडकुल इंटरप्रिन्योर वेलफेयर एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा निर्धारित संशोधित वेतनमान अप्रैल माह से ही लागू कर दिया जाएगा और सभी श्रमिकों को बढ़ा हुआ वेतन दिया जाएगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा ने मीडिया से बातचीत में बताया कि श्रमिकों की करीब 20 वर्षों से लंबित वेतन वृद्धि की मांग को लेकर जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और श्रम विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता की गई थी। इसके बाद जिलाधिकारी ने शासन को प्रस्ताव भेजा, जिस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संज्ञान लेते हुए बोर्ड का गठन कर मामले पर निर्णय लिया।
मुख्यमंत्री की स्वीकृति के बाद प्रस्ताव राज्यपाल को भेजा गया, जहां से मंजूरी मिलने के बाद शासनादेश लागू कर दिया गया।
संरक्षक अजय तिवारी ने कहा कि सिडकुल पंतनगर में शांति व्यवस्था बनाए रखना सभी की प्राथमिकता रही है, लेकिन कुछ बाहरी अराजक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं, जिनसे पुलिस सख्ती से निपटती है।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने बताया कि वेतन वृद्धि लागू होने से उद्योगों पर आर्थिक दबाव जरूर बढ़ेगा। वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों, विशेष रूप से खाड़ी क्षेत्र में तनाव के कारण निर्यात आदेशों में कमी आई है। इसके साथ ही पेट्रोलियम उत्पादों और विद्युत दरों में वृद्धि से उत्पादन लागत भी बढ़ी है। ऐसे में उद्योगों ने सरकार से सुविधाओं और रियायतों में बढ़ोतरी की मांग की है।
महासचिव गौरव हरीश ने कहा कि सिडकुल में शांति व्यवस्था बनाए रखने में जिला प्रशासन, पुलिस और श्रम विभाग का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने अपील की कि अफवाहों से बचने और उन्हें रोकने में मीडिया भी सहयोग करे। साथ ही उन्होंने श्रमिकों से कार्य के दौरान पूरी सतर्कता बरतने की अपील करते हुए कहा कि अधिकांश दुर्घटनाएं मानवीय त्रुटियों के कारण होती हैं।
इस दौरान संरक्षक अजय तिवारी, अध्यक्ष श्रीकर सिन्हा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष रगोडे, महासचिव गौरव हरीश, सचिव गजेन्द्र सिंह, विशाल गर्ग, मीडिया प्रभारी तेजराम बघेल, विजय नकवी, वी.वी. सिंह और दिनेश मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम