उत्तराखंड के युवाओं के लिए धामी सरकार की बड़ी सौगात -आज से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’
–प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग, पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को मिलेगा विशेष लाभ
देहरादून, 7 सितंबर। उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में धामी सरकार आज एक महत्वपूर्ण पहल शुरू करने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार को ‘मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना’ का शुभारंभ करेंगे। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।
योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से वंचित रहने वाले प्रतिभाशाली युवाओं को समान अवसर उपलब्ध कराना है। इसके माध्यम से युवाओं को विशेषज्ञों का मार्गदर्शन, अध्ययन सामग्री और परीक्षा की तैयारी के लिए आवश्यक संसाधन ऑनलाइन उपलब्ध कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
योजना के अंतर्गत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग की परीक्षाओं, रक्षा सेवाओं की संयुक्त रक्षा सेवा परीक्षा, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग सहित अनेक प्रतियोगी परीक्षाएं शामिल हैं।
इसके साथ ही कैट, मैट, गेट, नेट और सीएसआईआर-नेट जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
पर्वतीय युवाओं के लिए बड़ी राहत
मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का सबसे बड़ा लाभ प्रदेश के दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। अभी तक गुणवत्तापूर्ण कोचिंग के लिए अनेक युवाओं को देहरादून, हल्द्वानी, दिल्ली और अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता था। ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलने से अब युवा घर बैठे विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर सकेंगे।
सरकार की इस पहल से आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को भी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा। योजना को प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनके भविष्य को मजबूत आधार देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
uttarakhand-ज्योलीकोट में पीलिया का कहर, दो मौतों से मचा हड़कंप
नैनीताल पुलिस की अपील : लालच में किसी को न दें बैंक खाता, एटीएम या चेकबुक
सांसद अजय भट्ट ने सुनीं जनसमस्याएं -अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश