फीस के लिए ‘बंधक’ बनाई मासूम की पढ़ाई! स्कूल ने रोका टीसी, शिक्षा विभाग का नोटिस
हरिद्वार। भूपतवाला स्थित बी.एम.डी.ए.वी विद्यालय द्वारा यूकेजी की एक छात्रा का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) बकाया फीस के कारण जारी न करने का मामला सामने आया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने विद्यालय प्रशासन को नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है।
जानकारी के अनुसार छात्रा काव्या कुशवाहा ने निजी विद्यालय से यूकेजी तक पढ़ाई की। इसके बाद अभिभावकों ने विद्यालय से टीसी और अन्य आवश्यक दस्तावेज मांगे, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने इन्हें देने से इनकार कर दिया।
इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 16 मार्च को विद्यालय को छात्रा का टीसी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। हालांकि विद्यालय प्रबंधन ने अपने स्पष्टीकरण में बताया कि सत्र 2024–25 की कुल फीस 58,050 रुपये में से करीब 15,000 रुपये अभी बकाया हैं, इसलिए टीसी और अन्य अभिलेख रोके गए हैं।
शिक्षा विभाग ने विद्यालय के इस जवाब को गंभीरता से लेते हुए दोबारा निर्देश जारी किए हैं कि छात्रा के हितों की अनदेखी न की जाए और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराए जाएं।
जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद ने बताया कि विद्यालय से तीन दिन के भीतर मान्यता पत्र की छायाप्रति भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूर्व प्राथमिक कक्षाओं के संचालन के लिए मान्यता अनिवार्य है।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर जवाब नहीं मिला तो विद्यालय के खिलाफ शिक्षा का अधिकार अधिनियम, 2009 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल