“जब तक सूरज चांद रहेगा… विकास तेरा नाम रहेगा” के नारों के बीच शहीद लांस नायक को अंतिम विदाई
पिथौरागढ़। कुमाऊं रेजिमेंट के जांबाज लांस नायक विकास कुमार का पार्थिव शरीर करीब 65 घंटे बाद शुक्रवार को उनके पैतृक गांव गणकोट पहुंचा। रामेश्वर घाट में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से “जब तक सूरज चांद रहेगा, विकास तेरा नाम रहेगा” के नारों के बीच उन्हें अंतिम विदाई दी।
जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर स्थित गणकोट गांव में सुबह करीब दस बजे लांस नायक विकास का पार्थिव शरीर पहुंचा। यहां पहले से ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और शुभचिंतक मौजूद थे। अपने लाल का पार्थिव शरीर देखते ही परिजन बिलख पड़े। पत्नी प्रीति पति के पार्थिव शरीर को लकड़ी के बक्से (कॉफिन) में देखकर उससे लिपट गईं और फूट-फूटकर रोने लगीं।
इसके बाद रामेश्वर घाट के लिए अंतिम यात्रा निकाली गई। घर से निकली शव यात्रा में सैकड़ों लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पूरा क्षेत्र “विकास अमर रहे” और “जब तक सूरज चांद रहेगा, विकास तेरा नाम रहेगा” के नारों से गूंज उठा। घाट पर सेना के जवानों ने शस्त्र सलामी देकर शहीद को अंतिम सम्मान दिया। पिता गणेश राम ने चिता को मुखाग्नि दी।
बताया जा रहा है कि बीते 29 मार्च को विकास अपने दो साथियों के साथ सीमा क्षेत्र में गश्त पर निकले थे। इसी दौरान अचानक आए हिमस्खलन की चपेट में आने से वह वीरगति को प्राप्त हो गए। 31 मार्च की शाम करीब तीन बजे सेना की ओर से उनके बलिदान की सूचना परिजनों को दी गई। गुरुवार को विमान से उनका पार्थिव शरीर पहले दिल्ली और फिर एंबुलेंस के माध्यम से पिथौरागढ़ लाया गया।
डीएम और मेयर ने दी श्रद्धांजलि
सिक्किम में सर्वोच्च बलिदान देने वाले लांस नायक विकास कुमार को जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मेयर कल्पना देवलाल समेत कई जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि विकास का बलिदान देश की सेवा और सुरक्षा के प्रति उनकी अटूट निष्ठा का प्रतीक है। उनका यह सर्वोच्च बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा और आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा।
इस दौरान पूर्व सैनिक संगठन ने भी शहीद को श्रद्धांजलि दी। मौके पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विरेंद्र सिंह बोहरा, एसडीएम जितेंद्र वर्मा सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम