फर्जी आईएएस बनकर नेपाल जा रहे पांच आरोपी गिरफ्तार -कैसीनो में जुआ खेलने की थी तैयारी
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने भारत-नेपाल सीमा पर बहराइच, रुपईडीहा चेकपोस्ट के पास लाल-नीली बत्ती और हूटर लगे वाहन से नेपाल जाने की कोशिश कर रहे एक फर्जी भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नेपाल में कैसीनो में जुआ खेलने की योजना बना रहे थे।
पुलिस उपाधीक्षक पहुप कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे रुपईडीहा सीमा पर एक कार हूटर बजाते हुए नेपाल की ओर बढ़ रही थी। वाहन पर लाल-नीली बत्ती लगी होने से संदेह होने पर एसएसबी के जवानों ने कार को रोक लिया।
पूछताछ के दौरान कार में सवार एक व्यक्ति ने अपना नाम धर्मेंद्र बताते हुए खुद को लखनऊ सचिवालय में तैनात आईएएस अधिकारी बताया। हालांकि संदेह गहराने पर एसएसबी, रुपईडीहा पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने संयुक्त रूप से गहन जांच की, जिसमें खुलासा हुआ कि न तो कोई आईएएस अधिकारी है और न ही वाहन पर लाल-नीली बत्ती और हूटर लगाने की अनुमति है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखनऊ निवासी धर्मेंद्र सिंह, शुभम बाजपेई, अनमोल सिंह, सचिन सिंह और स्वप्नल सहाय के रूप में हुई है। जांच में यह भी सामने आया कि जिस वाहन से वे यात्रा कर रहे थे, वह धर्मेंद्र की पत्नी की कंपनी प्रिया एजेंसी के नाम पर लखनऊ में पंजीकृत है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नेपाल में कैसीनो में जुआ खेलने जा रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से 2.17 लाख रुपये नकद, छह मोबाइल फोन, एक इलेक्ट्रॉनिक चिप डिवाइस और एक पावर बैंक बरामद किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : जयपुर खीमा में तेंदुए की दहशत -ग्रामीणों ने तत्काल पकड़ने की उठाई मांग
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा -दो हजार से अधिक मामले सामने आने की खबर