विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल का जागरूकता अभियान -छात्रों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
भीमताल। विश्व हेपेटाइटिस दिवस के अवसर पर , भीमताल के कॉलेज ऑफ नर्सिंग द्वारा 28 जुलाई 2026 को राजकीय इंटर कॉलेज, मेहरागांव में विद्यालयी स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूली विद्यार्थियों को हेपेटाइटिस, इसके कारणों, संक्रमण के तरीकों, बचाव के उपायों और व्यक्तिगत स्वच्छता के प्रति जागरूक बनाना था।

कार्यक्रम का संचालन सुश्री शिवानी कुमायां और सुश्री नीलम देव के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें बी.एससी. नर्सिंग तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।

कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित सत्र में हेपेटाइटिस के लक्षण, रोकथाम, टीकाकरण, सुरक्षित पेयजल, हाथों की स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान विद्यार्थियों ने पेपर सोप (कागजी साबुन) बनाने की गतिविधि में भी भाग लिया, जिससे उन्हें यात्रा और विद्यालय में हाथों की स्वच्छता बनाए रखने का व्यावहारिक तरीका सिखाया गया।
वहीं कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए आयोजित दूसरे सत्र में स्वास्थ्य शिक्षा के साथ बी.एससी. नर्सिंग के विद्यार्थियों ने एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक के माध्यम से हेपेटाइटिस के कारण, संक्रमण, बचाव और इसके सामाजिक प्रभाव को सरल एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत कर स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण संदेश दिए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों का बॉडी मास इंडेक्स (BMI) परीक्षण भी किया गया। इसके आधार पर उन्हें संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, आदर्श वजन बनाए रखने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संबंध में व्यक्तिगत स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कॉलेज के संकाय सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जागरूकता सत्र, संवादात्मक गतिविधियों और व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से कार्यक्रम ने बीमारी की रोकथाम, व्यक्तिगत स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया।
कॉलेज ऑफ नर्सिंग, ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी, भीमताल ने कहा कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे सामुदायिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से समाज को स्वास्थ्य संबंधी ज्ञान से सशक्त बनाने और स्वस्थ भविष्य के निर्माण की दिशा में निरंतर कार्य करता रहेगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की छठी वर्षगांठ पर राबाइंका चोरगलिया में विविध कार्यक्रम
UK…प्रेम प्रसंग बना खूनी अंजाम –डीजे विवाद के बाद युवती की गला दबाकर हत्या, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
उत्तराखंड…देवर के साथ घर पहुंची युवती पर मारपीट का आरोप –महिला के सिर पर ईंट मारकर फरार