उत्तराखंड…घास काटने गई महिला पर गुलदार का हमला –दरांती से मुकाबला कर बचाई जान
रुद्रप्रयाग। ब्लॉक अगस्त्यमुनि के पठालीधार क्षेत्र स्थित कोटी गांव में घास काटने गई एक महिला पर गुलदार ने अचानक हमला कर दिया। लेकिन महिला ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए दरांती से गुलदार पर लगातार वार किए, जिससे वह जंगल की ओर भाग गया। हमले में महिला घायल हो गई, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे लगाने के साथ ही ड्रोन के माध्यम से गुलदार की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुधवार पूर्वाह्न करीब 11:45 बजे कोटी गांव निवासी नारायणी देवी (64) मवेशियों के लिए जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने उन पर अचानक हमला कर दिया। जान बचाने के लिए महिला ने घबराने के बजाय साहस दिखाया और हाथ में मौजूद दरांती से गुलदार पर कई वार किए। महिला के प्रतिरोध से घबराकर गुलदार जंगल की ओर भाग गया।
हमले में महिला के हाथ और पैरों में चोटें आईं। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई। चिकित्सक डॉ. प्रियांशी के अनुसार महिला खतरे से बाहर हैं।
महिला के पुत्र पंकज सिंह ने बताया कि क्षेत्र में इस प्रकार की यह पहली घटना है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश परिवार पशुपालन पर निर्भर हैं और प्रतिदिन जंगल से घास लानी पड़ती है। ऐसे में गुलदार की मौजूदगी से लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।
उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. दिवाकर पंत ने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी के नेतृत्व में विभाग की टीम मौके पर लगातार गश्त कर रही है। गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं तथा ड्रोन के माध्यम से भी उसकी खोज की जा रही है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और अकेले जंगल में न जाने की अपील की है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…कुमाऊं को वंदे भारत की सौगात दिलाने की पहल -सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री से की मुलाकात
विश्व हेपेटाइटिस दिवस पर ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल का जागरूकता अभियान -छात्रों को स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की छठी वर्षगांठ पर राबाइंका चोरगलिया में विविध कार्यक्रम