उत्तराखंड…कोर्ट फीस के नाम पर रिश्वत मांगना पड़ा भारी –सिविल कोर्ट का नायब नाजिर 3,500 रुपये लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित सिविल न्यायालय में सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) हल्द्वानी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए न्यायालय में तैनात नायब नाजिर ओम चौहान को 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई से न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया और दिनभर मामले की चर्चा होती रही।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता के विरुद्ध सिविल न्यायालय बाजपुर में परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) के तहत एक वाद विचाराधीन था। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद जब शिकायतकर्ता राजीनामा दाखिल करने न्यायालय पहुंचा, तो वहां तैनात नायब नाजिर ओम चौहान ने कथित तौर पर कोर्ट फीस के नाम पर 3,500 रुपये की रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता रिश्वत देने के पक्ष में नहीं था। उसने पूरे मामले की शिकायत सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी से की। शिकायत की प्रारंभिक जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम का गठन किया गया।
पूर्व नियोजित योजना के तहत गुरुवार को विजिलेंस टीम ने सिविल जज (जूनियर डिवीजन) न्यायालय, बाजपुर स्थित कार्यालय में छापेमारी की। इस दौरान नायब नाजिर ओम चौहान पुत्र वीरेन्द्र सिंह, निवासी ग्राम निवाड़मुंडी, थाना जसपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर को शिकायतकर्ता से 3,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
सतर्कता अधिष्ठान ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है। कार्रवाई के दौरान न्यायालय परिसर में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई और पूरे दिन इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।
इस सफल ट्रैप कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। साथ ही उन्होंने आम जनता से भ्रष्टाचार के विरुद्ध अभियान में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि रिश्वत मांगने या किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 अथवा व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराई जा सकती है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



डॉ. ढाल सिंह बिसेन होंगे उत्तराखंड के नए राज्यपाल, राष्ट्रपति ने की नियुक्ति
ग्राफिक एरा हल्द्वानी में ‘थिंक बियॉन्ड होटल्स’ पर अतिथि व्याख्यान -छात्रों को बताए सरकारी नौकरी और स्वरोजगार के अवसर
ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी भीमताल में पहली बार आयोजित हुआ ‘नाट्यकम-2026 -मंच पर जीवंत हुई भारतीय ज्ञान परंपरा