तेज रफ्तार स्कार्पियो बनी मौत का कारण : स्कूटी सवार तीन युवकों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी मार्ग पर संजय वन के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार तीन युवकों की मौत हो गई। तेज गति से आ रही स्कार्पियो ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार ग्राम मडुआखेड़ा जसपुर निवासी 21 वर्षीय अनिकेत कश्यप पुत्र राजेन्द्र सिंह, सिविल लाइन रामपुर निवासी 26 वर्षीय आकाश कश्यप पुत्र गंगाराम और ग्राम बदेड़ी रुड़की निवासी 22 वर्षीय रोहन पुत्र कमल यहां ग्राम छतरपुर में किराये पर रहकर अशोक लेलैंड कंपनी में काम करते थे। रविवार को तीनों दोस्त हल्द्वानी में एक मित्र के विवाह समारोह में शामिल होने स्कूटी संख्या UK06BC-8764 से गए थे।
देर रात वापस लौटते समय उन्हें पता चला कि उनमें से एक का मोबाइल हल्द्वानी में ही छूट गया है। मोबाइल लेने के लिए वे दोबारा हल्द्वानी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान संजय वन के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रही स्कार्पियो संख्या UK04AH-3738 के अज्ञात चालक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी स्कार्पियो के नीचे चेसिस में फंस गई और काफी दूर तक घिसटती चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पंतनगर थानाध्यक्ष नन्दन सिंह रावत और सिडकुल चौकी प्रभारी सुरेन्द्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों के पास मिले मोबाइल और कागजात के आधार पर उनके साथियों और परिजनों को सूचना दी। घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग अस्पताल पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने तीनों युवकों के शव परिजनों को सौंप दिए। इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा