सांसद अजय भट्ट, डीएम ललित मोहन रयाल और रामनगर पालिका अध्यक्ष ने भरा स्व-गणना फार्म -आमजन से भी की भागीदारी की अपील
हल्द्वानी, 16 नवंबर। भारत की जनगणना-2027 के तहत शुरू हुए स्व-गणना अभियान को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने आमजन से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। इसी क्रम में सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल तथा नगर पालिका परिषद रामनगर के अध्यक्ष मोहम्मद अकरम ने अपना स्व-गणना फार्म भरकर अभियान की शुरुआत में सहभागिता की और लोगों को भी इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से नागरिक अपने परिवार और आवास से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक एवं पारदर्शी बनेगी। उन्होंने जनपदवासियों से निर्धारित समयावधि में स्व-गणना फार्म भरने तथा परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करने की अपील की।
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल एवं मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश के विकास के लिए सही आंकड़े और सटीक जानकारी बेहद आवश्यक हैं। जनगणना के माध्यम से प्राप्त आंकड़े जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है।
16 से 30 नवंबर तक चलेगी स्व-गणना प्रक्रिया
अधिकारियों ने बताया कि भारत की जनगणना-2027 के प्रथम चरण में नागरिकों के लिए स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। जनपद नैनीताल में यह प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक संचालित होगी। इसके तहत लोग प्रगणक के घर आने का इंतजार किए बिना अपने मोबाइल, लैपटॉप या डेस्कटॉप के माध्यम से आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
स्व-गणना के लिए नागरिकों को पोर्टल पर राज्य एवं अपनी पसंद की भाषा का चयन कर मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन करना होगा। इसके बाद मानचित्र पर अपने घर का सटीक स्थान चिह्नित कर परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भरना होगा। जानकारी की समीक्षा करने के बाद फार्म सबमिट करना होगा।
40 सवालों के माध्यम से जुटाई जाएगी जानकारी
स्व-गणना फार्म में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार के सदस्यों के नाम, आयु, जन्मतिथि, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति-जनजाति, माता-पिता का विवरण, दिव्यांगता, मातृभाषा, साक्षरता, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, कार्यस्थल, जन्म स्थान, पूर्व निवास और स्थायी पते से संबंधित जानकारियां शामिल हैं। इसके अलावा महिलाओं से जीवित बच्चों की संख्या तथा परिवार के सदस्यों के कोविड टीकाकरण, बैंक खाते, मोबाइल, आधार, मतदाता पहचान पत्र, पासपोर्ट एवं ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित जानकारी भी मांगी जाएगी।
फार्म जमा करने के बाद मिलेगी विशेष आईडी
अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना फार्म सफलतापूर्वक जमा होने पर स्क्रीन पर ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) प्राप्त होगी। यह आईडी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। नागरिकों को इसे सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। जनगणना के दूसरे चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तो उसे यह आईडी उपलब्ध करानी होगी। प्रगणक आईडी का मिलान कर जानकारी का सत्यापन करेगा।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी कर इस राष्ट्रीय अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। अधिकारियों के अनुसार यह सुविधा वैकल्पिक है और नागरिक अपनी सुविधानुसार ऑनलाइन जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
जनगणना संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1855 तथा व्हाट्सएप नंबर 1800-180-1855 जारी किया गया है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



नैनीताल पुलिस का स्कूली वाहनों और यात्री बसों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान -सुरक्षा मानकों की हो रही सघन जांच
राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस पर मीडिया सेंटर हल्द्वानी में ‘लोकलुभावन या जिम्मेदार पत्रकारिता’ विषय पर संगोष्ठी आयोजित
उत्तराखंड : बेरीनाग में स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली ने ली एक और जान -ढाई घंटे इंतजार के बाद पहुंची एंबुलेंस
उत्तराखंड : गौला बाईपास पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक सवार को कुचला, मौके पर मौत