मां के हाथ से 5 साल का मासूम छीन ले गया गुलदार, रुद्रप्रयाग में दहशत
रुद्रप्रयाग। जनपद के न्याय पंचायत सारी अंतर्गत सिन्द्रवाणी गांव में मंगलवार को गुलदार के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। घर के आंगन में मां के साथ मौजूद पांच वर्षीय बच्चे को गुलदार झपट्टा मारकर उसकी मां के हाथ से खींच ले गया और जंगल की ओर भाग गया। घटना के बाद से पूरे गांव सहित आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम करीब पांच बजे दक्ष (5) पुत्र हेमंत सिंह अपनी मां के साथ घर के आंगन में था। इसी दौरान घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक हमला कर मां के हाथ से बच्चे को छीन लिया। मां के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक गुलदार बच्चे को जंगल की ओर ले जा चुका था।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने बच्चे की तलाश शुरू कर दी। देर शाम तक गांव और आसपास के जंगलों में सर्च ऑपरेशन जारी रहा। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की आवाजाही देखी जा रही थी, जिसकी सूचना वन विभाग को भी दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
इस संबंध में ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने बताया कि घटना से पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग अपने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दे रहे हैं। वहीं जिला पंचायत सदस्य जयवर्धन काण्डपाल ने कहा कि जिले में मानव और वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल पिंजरा लगाने, गश्त बढ़ाने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल