भारत मंडपम में ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का आगाज -पीएम मोदी करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली। भारत में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के भविष्य को नई दिशा देने वाले ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ का आज से राजधानी दिल्ली के भारत मंडपम में आगाज हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार शाम 5 बजे इस वैश्विक समिट का उद्घाटन करेंगे। यह समिट पहली बार ग्लोबल साउथ में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें दुनियाभर के लीडर्स, इंडस्ट्री विशेषज्ञ, इनोवेटर्स, पॉलिसी मेकर्स और रिसर्चर्स हिस्सा ले रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा कि यह समिट आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के विभिन्न पहलुओं—नवाचार, सहयोग, जिम्मेदार उपयोग और मानव-केंद्रित विकास—पर वैश्विक संवाद को मजबूत करेगी। उन्होंने समिट की थीम ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ बताते हुए कहा कि इसका उद्देश्य एआई का उपयोग मानव कल्याण और समावेशी प्रगति के लिए करना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, शासन और उद्योग सहित कई क्षेत्रों में तेजी से परिवर्तन ला रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस समिट से ऐसे ठोस परिणाम सामने आएंगे, जो भविष्य को अधिक प्रगतिशील, नवाचार आधारित और अवसरों से भरपूर बनाएंगे।
उन्होंने भारत की डिजिटल क्षमता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि 1.4 अरब की आबादी, मजबूत डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर, तेजी से बढ़ते स्टार्टअप इकोसिस्टम और उन्नत अनुसंधान के कारण भारत एआई ट्रांसफॉर्मेशन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। यह समिट भारत के युवाओं की क्षमता और विज्ञान एवं तकनीक के क्षेत्र में देश की बढ़ती वैश्विक भूमिका का भी प्रमाण है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक संस्कृत सुभाषित भी साझा किया—
“दाने तपसि शौचं च विज्ञानं विनये नये।
विस्मयो न हि कर्तव्यो बहुरत्ना वसुन्धरा॥”
उन्होंने बताया कि पृथ्वी अनमोल रत्नों से भरी है, इसलिए विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में नए नवाचार और आविष्कार स्वाभाविक हैं और इन्हें आश्चर्य के बजाय प्रगति के रूप में स्वीकार करना चाहिए।
गौरतलब है कि ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट 2026’ के साथ ही ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट एक्सपो 2026’ का भी आयोजन किया जा रहा है। दोनों कार्यक्रम 16 से 20 फरवरी तक भारत मंडपम में आयोजित होंगे, जहां एआई से जुड़ी नई तकनीकों, शोध और नवाचारों का प्रदर्शन किया जाएगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com
उत्तराखंड : जयपुर खीमा में तेंदुए की दहशत -ग्रामीणों ने तत्काल पकड़ने की उठाई मांग
नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही -160 के करीब मौतें, 133 भारतीयों समेत 750 से ज्यादा लापता
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा -दो हजार से अधिक मामले सामने आने की खबर