जिला कारागार की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल -सिद्धदोष कैदी के बैरक से स्मार्ट वॉच समेत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद
अल्मोड़ा। जिला कारागार अल्मोड़ा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। जेल में तलाशी के दौरान एक सिद्धदोष कैदी के बैरक की टॉयलेट सीट के भीतर से स्मार्ट वॉच सहित कई प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए, जिससे जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।
जेल प्रशासन द्वारा कोतवाली अल्मोड़ा में दी गई तहरीर के अनुसार 2 फरवरी को सिद्धदोष बंदी प्रवीण वाल्मीकि पुत्र मोहन लाल उर्फ मदन लाल, निवासी रुड़की, जिला हरिद्वार के कक्ष की तलाशी ली गई। तलाशी के समय बंदी न्यायालय में पेशी के लिए गया हुआ था।
तलाशी के दौरान बैरक की टॉयलेट सीट के भीतर छिपाकर रखा गया एक चार्जर, दो डाटा केबल, एक स्मार्ट वॉच चार्जर केबल और दो पतले तार बरामद किए गए। सूचना मिलने पर जेल अधीक्षक जयंत पांगती के निर्देश पर टॉयलेट सीट को तुड़वाकर दोबारा गहन तलाशी कराई गई, जिसमें एक स्मार्ट वॉच भी बरामद हुई।
जांच में स्मार्ट वॉच की कांटेक्ट सूची में अलग-अलग नामों से 12 मोबाइल नंबर दर्ज पाए गए। इसके बाद कारागार प्रशासन ने बरामद सभी सामग्री को सील कर साक्ष्य सहित कोतवाली अल्मोड़ा भेज दिया।
जेल अधीक्षक जयंत पांगती की ओर से उत्तराखंड कारागार एवं सुधारात्मक सेवाएं अधिनियम 2024 की धारा 39 के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने कारागार अधिनियम 1894 की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि जिला कारागार अल्मोड़ा में प्रतिबंधित वस्तुओं की बरामदगी का यह पहला मामला नहीं है। वर्ष 2021 में भी जेल उस समय सुर्खियों में आई थी, जब एसटीएफ ने जेल के भीतर से नशे के कारोबार के संचालन का खुलासा किया था। उस दौरान छापेमारी में एक बैरक से मोबाइल फोन, सिम कार्ड, नकदी और चरस बरामद की गई थी। जांच के बाद तत्कालीन प्रभारी जेल अधीक्षक सहित चार लोगों को निलंबित किया गया था।
एक बार फिर सिद्धदोष बंदी के कक्ष से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मिलने की घटना ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिए हैं।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम