निर्माण कार्य के चलते 13 फरवरी तक बंद रहेगा गर्जिया देवी मंदिर -श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन का फैसला
रामनगर/नैनीताल। प्रसिद्ध गर्जिया देवी मंदिर में चल रहे सुरक्षात्मक एवं निर्माण कार्यों को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनज़र मंदिर परिसर में प्रवेश को अस्थायी रूप से प्रतिबंधित करने का निर्णय लिया है। मंदिर को कल से 13 फरवरी तक पूर्ण रूप से बंद रखा जाएगा।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रामनगर के उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि रामनगर सिंचाई खंड द्वारा गर्जिया देवी मंदिर के टीले पर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। मंदिर के नीचे स्थित चबूतरा अत्यधिक जर्जर अवस्था में पहुंच चुका था, जिससे किसी भी समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी। इसी कारण वहां मरम्मत और पुनर्निर्माण का कार्य तेज़ी से चल रहा है।
उप जिलाधिकारी ने बताया कि निर्माण कार्य के दौरान यदि श्रद्धालु मंदिर परिसर में प्रवेश करते हैं, तो उनके साथ किसी भी प्रकार की अनहोनी हो सकती है। इस संभावित खतरे को देखते हुए सिंचाई विभाग के अभियंता द्वारा प्रशासन से वार्ता कर लिखित रूप से आग्रह किया गया था कि कार्य पूर्ण होने तक श्रद्धालुओं को मंदिर परिसर में जाने से रोका जाए।
उन्होंने बताया कि मंदिर समिति और पुजारियों को इस संबंध में दूरभाष के माध्यम से सूचित कर दिया गया है, साथ ही प्रशासन द्वारा लिखित आदेश भी जारी किए जा रहे हैं। 13 फरवरी के बाद निर्माण कार्य की प्रगति और मंदिर परिसर की सुरक्षा स्थिति का आकलन किया जाएगा। यदि परिसर सुरक्षित पाया गया, तो श्रद्धालुओं के लिए मंदिर को पुनः खोल दिया जाएगा, अन्यथा प्रतिबंध की अवधि बढ़ाई जा सकती है।
श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था भी की जा रही है। मंदिर पुजारियों के माध्यम से मंदिर के डोले को नीचे पुल पार पैतृक मंदिर में स्थापित किया जाएगा, जहां श्रद्धालु बिना टीले पर चढ़े दर्शन कर सकेंगे। इसके लिए वहां एक सूचना पत्रक भी रखा जाएगा।
उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने श्रद्धालुओं से प्रशासन और मंदिर समिति का सहयोग करने तथा अपनी सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए जारी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि यह निर्णय पूरी तरह श्रद्धालुओं की सुरक्षा और मंदिर परिसर को सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया है, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : जयपुर खीमा में तेंदुए की दहशत -ग्रामीणों ने तत्काल पकड़ने की उठाई मांग
नेपाल में भीषण बाढ़ से तबाही -160 के करीब मौतें, 133 भारतीयों समेत 750 से ज्यादा लापता
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ा स्वाइन फ्लू का खतरा -दो हजार से अधिक मामले सामने आने की खबर