तिब्बती मार्केट हत्याकांड का सनसनीखेज खुलासा : 12 लाख की सुपारी देकर कराई बेटे की हत्या, मां समेत पांच गिरफ्तार
देहरादून। तिब्बती मार्केट में दिनदहाड़े गैस एजेंसी संचालक अर्जुन शर्मा की हत्या का दून पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में मृतक की मां समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, संपत्ति विवाद में 12 लाख रुपये की सुपारी देकर हत्या कराई गई थी।
पुलिस मुठभेड़ में घायल हुए दोनों शूटर
एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए सघन चेकिंग अभियान के दौरान रायपुर क्षेत्र के लाडपुर में पुलिस ने एक संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, जिस पर उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। उसकी पहचान राजीव उर्फ राजू (50) निवासी चक्खुवाला के रूप में हुई। उसके पास से 315 बोर का तमंचा और कारतूस बरामद किए गए।
इसी क्रम में डोईवाला के लालतप्पड़ क्षेत्र में बैरियर पर पुलिस को देखकर स्कूटी सवार एक अन्य आरोपी ने भागने की कोशिश की और फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में पंकज राणा (52) घायल हो गया। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और चक्खुवाला क्षेत्र के निवासी हैं। दोनों को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संपत्ति विवाद बना हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि अर्जुन शर्मा का अपनी मां बीना शर्मा से जीएमएस रोड स्थित संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। यह संपत्ति करीब 14 करोड़ रुपये में डॉ. अजय खन्ना को बेची जानी थी, जिसमें से 8 करोड़ रुपये का भुगतान हो चुका था।
लेकिन अर्जुन शर्मा द्वारा कोर्ट से स्टे लेने के कारण डील अटक गई। इससे नाराज होकर बीना शर्मा, डॉ. अजय खन्ना और विनोद उनियाल ने अर्जुन शर्मा की हत्या की साजिश रची। दोनों शूटर भाइयों से 12 लाख रुपये में सौदा तय किया गया, जिसमें 3 लाख रुपये एडवांस दिए गए थे।
व्हाट्सएप चैट और दिनचर्या की जानकारी से खुला राज
जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले और बाद में शूटर पंकज राणा और विनोद उनियाल के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत हुई थी। इसके अलावा मृतक की मां ने उसके मैनेजर से अर्जुन की दिनचर्या की जानकारी जुटाई थी, जिससे हत्या की योजना को अंजाम दिया जा सके।
हथियार और स्कूटी बरामद, जांच जारी
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बरामदगी में
दो तमंचे (315 बोर)
जिंदा और खोखा कारतूस
घटना में प्रयुक्त स्कूटी
शामिल हैं। मुख्य शूटरों को न्यायालय से रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम