सीडीओ का औचक निरीक्षण : 30 कार्यालयों में 34 कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन रोकने के निर्देश
-होली के बाद भी कर्मचारियों की लापरवाही उजागर, सिंचाई विभाग के ईई और जिला युवा कल्याण अधिकारी भी देर से पहुंचे
बागेश्वर। होली पर्व समाप्त होने के बाद भी सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की लापरवाही सामने आई है। शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ने विभिन्न विभागों के कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान 30 कार्यालयों में कुल 34 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता (ईई) और जिला युवा कल्याण अधिकारी समय पर कार्यालय नहीं पहुंचे।
सीडीओ ने इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का वेतन रोकने और उनसे स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसे गंभीर अनुशासनहीनता बताते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए।
इन कार्यालयों का किया निरीक्षण
सीडीओ ने सबसे पहले अर्थ एवं संख्या अधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया, जहां सभी कर्मचारी उपस्थित मिले। इसके बाद जीआईएस सेल, बहुद्देशीय वित्त, कृषि, उद्यान, कृषि एवं भूमि संरक्षण, पंचस्थानी, बाल विकास, पशुपालन, पीआरडी, डेयरी, रीप परियोजना, उरेडा, मत्स्य, जिला पंचायत राज, ग्रामीण विकास विभाग, ब्लॉक कार्यालय बागेश्वर, लघु सिंचाई, सिंचाई उपखंड, लोनिवि, जल संस्थान, पीएमजीएसवाई, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी तथा समग्र शिक्षा कार्यालयों का भी निरीक्षण किया।
लोक निर्माण विभाग में सबसे अधिक कर्मचारी अनुपस्थित
निरीक्षण के दौरान सबसे अधिक आठ कर्मचारी लोक निर्माण विभाग से अनुपस्थित मिले। इसके अलावा लघु सिंचाई विभाग में छह, जीआईएस सेल में एक, बहुद्देशीय वित्त में दो, कृषि विभाग में दो, बाल विकास में एक, मत्स्य विभाग में दो, सिंचाई उपखंड में दो, सिंचाई खंड में दो, जल संस्थान में एक, पीएमजीएसवाई में तीन, मुख्य शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में एक तथा समग्र शिक्षा कार्यालय में दो कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
कार्रवाई के निर्देश से मचा हड़कंप
सीडीओ के औचक निरीक्षण और कार्रवाई के निर्देश के बाद विभिन्न विभागों में हड़कंप की स्थिति रही। अनुपस्थित कर्मचारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है और उनके वेतन रोकने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने भविष्य में भी इस तरह के निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

UP…गरीबी बनी मौत की वजह! मासूम रेप पीड़िता को इलाज से ठुकराने वाले अस्पतालों पर सुप्रीम कोर्ट का सख्त प्रहार
उत्तराखंड…हाईकोर्ट का सख्त रुख : पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता अवमानना के दोषी –10 दिन में आदेश नहीं माना तो भुगतनी होगी सजा