होटल के कमरे में बीएसएनएल कंपनी के सुपरवाइजर की संदिग्ध मौत -पंखे के हुक से लटका मिला शव
नई टिहरी। जिला मुख्यालय स्थित एक होटल में बीएसएनएल के लिए केबल का काम कर रही कंपनी के सुपरवाइजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव होटल के कमरे में पंखे के हुक से लटका मिला। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसके चलते मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस प्रथमदृष्टया घटना को आत्महत्या मानकर जांच कर रही है।
सीओ चंद्रमोहन सिंह के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सूचना मिली कि होटल के एक कमरे में रह रहे युवक का दरवाजा सुबह से बंद है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर कमरे में प्रवेश किया। अंदर युवक बेडशीट के सहारे पंखे के हुक से लटका मिला। पुलिस ने उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक की पहचान सुनील कुमार (32) पुत्र श्याम लाल निवासी मथोला, जिला ऊधमपुर, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक सुनील यहां बीएसएनएल में केबल का कार्य कर रही कंपनी में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था और करीब दो वर्षों से होटल में अकेला रह रहा था।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेज दिया है। मृतक का मोबाइल कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : बैंक में पूर्व सैनिक के 50 हजार रुपये पार -दो संदिग्ध महिलाएं सीसीटीवी में कैद