कॉलेज में रैगिंग का आतंक : बीए छात्र पर हमला, लाठी-डंडे और रॉड लेकर पहुंचे आरोपी
रुद्रपुर। राजकीय आदर्श महाविद्यालय किच्छा में बीए प्रथम वर्ष के छात्र के साथ रैगिंग के प्रयास और मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित छात्र की तहरीर और कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने चार छात्रों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वार्ड 15 किच्छा निवासी बीए प्रथम वर्ष के छात्र मो. शाहिद पुत्र शरीफ अहमद ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 26 फरवरी को वह अपने साथी छात्र मुनाजिर हुसैन, वसीम और मुस्तफा के साथ कॉलेज के कॉमन रूम में बैठा था। आरोप है कि इसी दौरान अमन कुमार पुत्र अशोक कुमार, अंकित पुत्र प्रवीन कुमार, अंकित Kumar पुत्र सुभाष राम और राहुल पुत्र मदन वहां पहुंचे और रैगिंग करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने शाहिद के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके साथियों के साथ भी धक्का-मुक्की और मारपीट की गई।
पीड़ित छात्र के अनुसार घटना की जानकारी मिलने पर कॉलेज प्राचार्य मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को शांत कराया। बताया गया कि कॉमन रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है।
आरोप है कि दोपहर करीब दो बजे छुट्टी के समय आरोपी छात्रों ने कॉलेज के बाहर कुछ अन्य युवकों को बुला लिया और कॉलेज गेट बंद कर हाथों में लाठी-डंडे तथा अवैध हथियार लेकर खड़े हो गए। शाहिद जब अपने साथियों के साथ बाहर निकलने लगा तो उसकी बाइक की चाबी छीन ली गई। प्राचार्य के हस्तक्षेप के बाद छात्र वहां से निकले, लेकिन महाकाली मंदिर के पास फिर से शाहिद और उसके साथियों के साथ मारपीट की गई।
शिकायत में यह भी कहा गया कि अगले दिन छात्रसंघ अध्यक्ष से मामले की शिकायत करने के बाद कॉलेज पहुंचने पर आरोपियों ने साथियों के साथ मिलकर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।
कोतवाल रवि सैनी ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…तेज रफ्तार स्कूल बस ने ली ग्रामीण की जान –=रामनगर में दर्दनाक हादसे के बाद परिजनों ने उठाए सवाल