दुःखद -दिल्ली विवेक विहार अग्निकांड : चार मंजिला इमारत में भीषण आग, 9 लोगों की मौत
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के विवेक विहार इलाके में रविवार तड़के एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां फेज-1 स्थित एक चार मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से एक बच्चे समेत दो परिवारों के कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 3:48 बजे मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल विभाग और आपदा प्रबंधन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। आग ने इमारत के कई फ्लैटों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हालात बेहद गंभीर हो गए।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (डीएफएस) के मुताबिक, अलग-अलग मंजिलों से कुल नौ शव बरामद किए गए। एक शव पहली मंजिल से, पांच शव दूसरी मंजिल से और तीन शव सीढ़ियों से मिले। अधिकारियों ने बताया कि सीढ़ियों के हिस्से में ताला लगा हुआ था, जिससे लोगों के बाहर निकलने में बाधा आई।
मृतकों में दूसरी मंजिल पर रहने वाले अरविंद जैन (60), उनकी पत्नी अनिता जैन (58), बेटे निशांत जैन (35), बहू आंचल जैन (33) और पोते आकाश जैन शामिल हैं। वहीं तीसरी मंजिल पर नितिन जैन (50), उनकी पत्नी शैली जैन (48) और बेटे सम्यक जैन (25) की मौत हो गई।
पहली मंजिल पर शिखा जैन (45) मृत पाई गईं, जबकि उनके पति नवीन जैन (48) घायल हुए हैं और उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, बचाव अभियान के दौरान करीब 10 से 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इनमें से दो लोग मामूली रूप से घायल हुए, जिन्हें गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की 12 गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त रूप से राहत और बचाव कार्य चलाया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच जारी है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…पंखे में उतरे करंट से आठवीं के छात्र की मौत, परिवार में मचा कोहराम