UK-महिला दरोगा को थप्पड़ मारने और पिस्टल तानने का आरोप, एसओजी सिपाही सस्पेंड
हल्द्वानी। राजपुरा चौकी प्रभारी महिला दरोगा आरती सचदेवा ने एसओजी में तैनात सिपाही अनिल गिरी पर ड्यूटी के दौरान गाली-गलौज, थप्पड़ मारने और कनपटी पर पिस्टल तानने का आरोप लगाया है। महिला दरोगा ने सिपाही पर काशीपुर स्थित आवास पर पहुंचकर पति और बच्चों को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया है। सीओ स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।
महिला दरोगा आरती सचदेवा ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 10 अक्तूबर को एसओजी में तैनात सिपाही अनिल गिरी ने उन्हें फोन कर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि सिपाही ने काशीपुर स्थित उनके आवास पर पहुंचकर पति और बच्चों को भी नुकसान पहुंचाने की धमकी दी।
तहरीर के मुताबिक, अगले दिन 11 अक्तूबर को महिला दरोगा परीक्षा ड्यूटी के लिए कोतवाली पहुंचीं तो आरोपी सिपाही ने उनका मोबाइल फोन छीन लिया। विरोध करने पर उनके मुंह पर थप्पड़ मारा और कनपटी पर पिस्टल तान दी। महिला दरोगा ने जब एसएसपी से शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उन्हें ऐसा करने पर धमकाया।
सीसीटीएनएस कार्यालय में बंधक बनाने का आरोप
महिला दरोगा ने तहरीर में बताया कि अपनी जान को खतरा महसूस होने पर वह सीसीटीएनएस कार्यालय के एक कक्ष में चली गईं, जहां दो अन्य पुलिसकर्मी मौजूद थे। आरोप है कि सिपाही वहां भी पहुंच गया और उन्हें उच्चाधिकारियों को सूचना देने से रोकने लगा। इस दौरान उसने मारपीट की। वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
सीसीटीवी कैमरे में गतिविधियां कैद होने पर मांगी माफी
तहरीर के अनुसार, जब आरोपी सिपाही को एहसास हुआ कि उसकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरे में कैद हो रही हैं तो वह शांत हो गया और हाथ जोड़कर माफी मांगने लगा। महिला दरोगा ने आरोप लगाया कि उन्हें करीब 17 से 18 मिनट तक सीसीटीएनएस कार्यालय में बंधक बनाकर रखा गया और बाहर निकलकर किसी को सूचना देने से रोका गया। इस दौरान सरकारी कार्य में बाधा भी पहुंचाई गई।
सीओ स्तर पर जांच जारी
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि महिला दरोगा की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बताया कि मामले की सीओ स्तर पर जांच की जा रही है। आरोपी सिपाही को निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



विजयदशमी सत्य और धर्म की विजय का प्रतीक : अजय भट्ट
UK-पिथौरागढ़ में दो बाइकों की भीषण भिड़ंत -एक युवक की मौत, चार घायल