Uknews…बागेश्वर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उपचार के दौरान मौत, गर्भावस्था संबंधी जटिलता की आशंका
बागेश्वर। कपकोट पुलिस क्षेत्र के अंतर्गत तिरवाण निवासी एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की उपचार के दौरान मौत हो गई। पेट दर्द की शिकायत पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कपकोट लाए थे, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर किया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसने अंतिम सांस ली।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत कपकोट के तिरवाण निवासी 27 वर्षीय तनुजा देवी पत्नी मोहन चंद्र को बुधवार रात अचानक पेट में तेज दर्द उठा। परिजन उसे तत्काल सीएचसी कपकोट लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार सुबह डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल बागेश्वर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि महिला करीब दो से तीन माह की गर्भवती थी। परिजनों के अनुसार गर्भ संबंधी कोई जांच अथवा अल्ट्रासाउंड नहीं कराया गया था। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि गर्भ नली में भ्रूण फंस जाने के कारण महिला को अत्यधिक दर्द हुआ, जिससे उसकी स्थिति गंभीर हो गई।
अस्पताल प्रशासन की सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया। पुलिस एवं तहसील प्रशासन द्वारा पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। मृतका अपने पीछे एक छोटे बेटे को छोड़ गई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

नेपाल में भारी तबाही के चलते चंपावत में एसडीआरएफ हाईअलर्ट पर