UKNews-एसएसपी के अल्टीमेटम के बाद भी नहीं सुधरी व्यवस्था -बरेली रोड पर निजी बसों का कब्जा
हल्द्वानी। शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस की सख्ती के दावे बरेली रोड पर बेअसर नजर आ रहे हैं। एसएसपी के तीन दिन के अल्टीमेटम के बावजूद डग्गामार निजी बसों की मनमानी थमने का नाम नहीं ले रही है। रात होते ही सड़क किनारे बसों की कतार लग जाती है। हालात यह हैं कि सड़क का एक हिस्सा निजी बसों के अवैध पार्किंग स्थल में तब्दील हो गया है। इससे पुलिस की कार्रवाई और यातायात व्यवस्था सुधारने के दावों पर सवाल उठने लगे हैं।
दरअसल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने हाल ही में क्राइम मीटिंग के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था की समीक्षा की थी। इस दौरान उन्होंने निजी बसों की अवैध पार्किंग पर नाराजगी जताते हुए संबंधित थाना और यातायात पुलिस के अधिकारियों को तीन दिन के भीतर व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए थे। इसके बाद ठंडी सड़क से बसों को हटाने की कार्रवाई की गई, लेकिन बरेली रोड पर अवैध पार्किंग का सिलसिला जारी है।
सड़क किनारे बेतरतीब खड़ी बसें न केवल यातायात में बाधा बन रही हैं, बल्कि हादसों का खतरा भी बढ़ा रही हैं। रात के समय बसों की लंबी कतार के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है। इससे स्थानीय लोगों और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
एसएसपी का कहना है कि पुलिस तीन-चार बसों को सीज कर चुकी है और अन्य बसों के चालान भी किए जा रहे हैं। शेष बसों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, ठंडी सड़क से बसों को हटाने के बाद बरेली रोड पर स्थिति जस की तस बनी हुई है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब एसएसपी ने तीन दिन का अल्टीमेटम दिया था तो अब तक बरेली रोड को अवैध पार्किंग से मुक्त क्यों नहीं कराया जा सका। केवल चालान और सीज करने की कार्रवाई से बस संचालकों की मनमानी पर कितना अंकुश लगेगा, यह देखने वाली बात होगी।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



उत्तराखंड : पिता की बीमारी का झांसा देकर छात्रा को ले जाने वाले को चार साल सात महीने की सजा
UK…बैल के हमले में महिला घायल -जिला अस्पताल में उपचार के बाद मिली छुट्टी
डॉ. कविता पांडेय की पुस्तक ‘अदम्या-असीम की ओर’ पर साहित्यिक परिचर्चा -शब्दों की शक्ति और कहानी कहने की कला पर विमर्श