उत्तराखंड…बिना अनुमति अवकाश और लापरवाही पर जिला सहायक निबंधक के खिलाफ कार्रवाई -सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि की संस्तुति
नैनीताल, 5 अगस्त। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शासकीय कार्यों में लापरवाही और बिना सक्षम अनुमति अवकाश लेने के मामले में तत्कालीन जिला सहायक निबंधक दान सिंह नपलच्याल के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है। उनकी सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि अंकित किए जाने के लिए शासन को पत्र भेजा गया है।
जिलाधिकारी को प्राप्त शिकायत और निरीक्षण आख्या के अनुसार, संबंधित अधिकारी ने जनपद में तैनाती के दौरान राजकीय कार्यों का समय पर निष्पादन नहीं किया। साथ ही सक्षम अधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना अवकाश भी लिया। वर्तमान में उनका स्थानांतरण अन्यत्र हो चुका है।
प्रकरण का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगा था। जवाब में अधिकारी ने बिना सक्षम अनुमति अवकाश लेने की बात स्वीकार की। हालांकि उन्होंने जिला सहकारी बैंक नैनीताल के सदस्य-सचिव/प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार होने का उल्लेख किया, लेकिन जनपद भ्रमण पर आए विशिष्ट अतिथियों के कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने के संबंध में कोई संतोषजनक कारण प्रस्तुत नहीं किया।
जिलाधिकारी ने इसे सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-2002 के नियम 3(1) एवं 3(2) का उल्लंघन मानते हुए शासकीय दायित्वों के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता का गंभीर मामला माना। इसके मद्देनजर संबंधित अधिकारी की सेवा पुस्तिका में प्रतिकूल प्रविष्टि दर्ज कराने के लिए शासन को अवगत कराया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि बिना अनुमति अनुपस्थिति और शासकीय कार्यों में शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों का समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड : बिना तलपट मानचित्र स्वीकृति के 50 बीघा में अवैध प्लॉटिंग -एमडीडीए ने किया सील