uttarakhand-ओवरटेक के दौरान पलटा ऑटो, बीकॉम छात्रा की मौत -अज्ञात चालक पर मुकदमा
हल्द्वानी। बरेली रोड पर ऑटो पलटने से बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रथम दृष्टया हादसे में चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस अब चालक की पहचान और हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।
डी-क्लास कॉलोनी, तीनपानी निवासी संतोष कुमार साहू की 22 वर्षीय बेटी मीनाक्षी साहू बीकॉम तृतीय वर्ष की छात्रा थी। वह मंगलपड़ाव स्थित एक पार्लर में काम भी करती थी। बुधवार रात काम खत्म करने के बाद वह ऑटो से घर लौट रही थी।
बताया गया कि मंडी चौकी से कुछ दूरी पर बरेली रोड में ओवरटेक करने के दौरान ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में मीनाक्षी ऑटो के नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया।
गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन छात्रा का शव लेकर हाईवे पर पहुंच गए। चालक के खिलाफ कार्रवाई न होने से नाराज परिजनों ने शव सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। इससे हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई। पुलिस और प्रशासन की ओर से आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद परिजन शांत हुए और छात्रा के शव का अंतिम संस्कार किया।
कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर अज्ञात ऑटो चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चालक की पहचान करने के साथ ही हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



मोटाहल्दू के प्राचीन शिव मंदिर में चोरी से ग्रामीणों में आक्रोश, धरने पर बैठे लोग
कांग्रेस के प्रदर्शन के चलते दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशनों पर शाम चार बजे तक प्रवेश-निकास बंद