उत्तराखंड…तलवारों से तांडव ! हेमकुंड से लौटे यात्रियों और स्थानीयों में खूनी संघर्ष -बदरीनाथ हाईवे 15 किमी तक जाम
कर्णप्रयाग। बदरीनाथ हाईवे पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया, जब हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ सिख तीर्थ यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच मामूली कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। तलवारबाजी और मारपीट की इस घटना में कई लोग घायल हो गए, जबकि पूरे क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे चार से पांच सिख तीर्थ यात्री कर्णप्रयाग बाजार पहुंचे। एक होटल के बाहर बाइक खड़ी करने को लेकर होटल संचालक के 24 वर्षीय बेटे और यात्रियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते बहस इतनी बढ़ गई कि कुछ यात्रियों ने कथित तौर पर तलवारें निकाल लीं और युवक पर हमला कर दिया। हमले में युवक के सिर, हाथ और कमर पर गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान हो गया।
घटना की सूचना फैलते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए स्थानीय लोगों ने एक हमलावर यात्री को पकड़ लिया, लेकिन आरोप है कि उसके साथी स्थानीय लोगों पर भी तलवारों से हमला करते रहे। इस दौरान चार स्थानीय लोग घायल हो गए। बाद में एक यात्री की पिटाई भी हुई, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग निकले। बताया गया कि कुछ आरोपियों को बाद में गौचर क्षेत्र में पकड़ लिया गया।
गंभीर रूप से घायल युवक को पहले जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी हालत नाजुक देखते हुए एयरलिफ्ट कर देहरादून रेफर किया गया।
घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और नागरिकों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पुलिस चौकी परिसर और बदरीनाथ हाईवे पर जाम लगा दिया, जिससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब 15 किलोमीटर लंबा जाम लगने से हजारों तीर्थयात्री और यात्री फंस गए। स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से अन्य वाहनों को विभिन्न स्थानों पर रोक दिया।
करीब ढाई बजे तक चले हंगामे और चक्काजाम के बाद पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम खुलवाया। कर्णप्रयाग के एसएचओ विनोद थपलियाल ने बताया कि स्थानीय लोग जाम खोलने के लिए मान गए हैं और बदरीनाथ यात्रा दोबारा सुचारू रूप से शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद व्यापार मंडल और स्थानीय नागरिकों ने यात्रा मार्गों पर हथियारों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की है। साथ ही दोषी यात्रियों की तत्काल गिरफ्तारी, सख्त कानूनी कार्रवाई और सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाने की मांग भी उठाई गई है। फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

उत्तराखंड…गौशाला में फंदे से लटकी मिली नवविवाहिता -शादी के एक साल बाद मौत से सनसनी, पास मिला सुसाइड नोट