Uttarakhand-ट्रेन में बेहोश मिले दंपति -जहरखुरानी गिरोह का शिकार होने की आशंका
लालकुआं/नैनीताल। मुरादाबाद-काठगोदाम पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहे एक दंपति लालकुआं रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध परिस्थितियों में बेहोशी की हालत में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और दोनों को प्राथमिक सहायता देने के बाद 108 एंबुलेंस से डॉ. सुशीला तिवारी चिकित्सालय, हल्द्वानी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे जीआरपी चौकी लालकुआं को सूचना मिली कि मुरादाबाद से काठगोदाम जा रही पैसेंजर ट्रेन में एक पति-पत्नी अचेत अवस्था में पड़े हैं। मौके पर पहुंचे जीआरपी काठगोदाम के थानाध्यक्ष संजय शर्मा और पुलिस टीम ने दोनों को ट्रेन से नीचे उतारा, लेकिन वे ठीक से बातचीत करने की स्थिति में नहीं थे।
आधार कार्ड की जांच में उनकी पहचान महेंद्र सिंह पुत्र राम सिंह, निवासी ग्राम चोखना, पोस्ट डंगार, बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश) तथा उनकी पत्नी शीला देवी के रूप में हुई। बाद में मिली जानकारी के अनुसार दंपति मुरादाबाद से ट्रेन में सवार हुए थे और नेपाल जाने की तैयारी में थे। उन्होंने पुलिस को बताया कि मुरादाबाद में किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें चाय पिलाई थी, जिसके बाद उन्हें कुछ भी याद नहीं रहा।
पुलिस ने जब उनकी तलाशी ली तो उनके पास न मोबाइल फोन मिला, न नकदी और न ही ट्रेन का टिकट। इस आधार पर आशंका जताई जा रही है कि दंपति जहरखुरानी गिरोह का शिकार हुए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
थानाध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में वर्दी तथा सादे कपड़ों में लगातार गश्त करती है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा दिए गए खाद्य पदार्थ या पेय पदार्थ का सेवन बिल्कुल न करें।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

Uttarakhand…पति के दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप -पति से सुलह कराने के बहाने जंगल ले जाकर की वारदात