uttarakhand…वायरल फोटो की फॉरेंसिक जांच की मांग -पीड़िता ने महिला आयोग से लगाई न्याय की गुहार
बागेश्वर। सोशल मीडिया पर वायरल कथित अश्लील फोटो को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर चर्चा में आ गया है। मामले में पुलिस द्वारा एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने के बाद अब कथित पीड़िता ने नया वीडियो जारी कर वायरल फोटो की फॉरेंसिक जांच कराने की मांग उठाई है। उन्होंने महिला आयोग, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और राज्यपाल से हस्तक्षेप कर निष्पक्ष जांच कराने की अपील की है।
गौरतलब है कि वर्ष 2024 में सोशल मीडिया पर एक कथित अश्लील फोटो वायरल हुई थी, जिसे कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया और क्षेत्र की एक युवती माही टाकुली से जोड़कर प्रसारित किया गया था। उस समय भी यह मामला काफी चर्चा में रहा। वर्ष 2026 में उसी फोटो को लेकर दोबारा सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद विवाद फिर गहरा गया।
मामले में विधायक और युवती की शिकायत पर कपकोट थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के आरोप में जगदीश गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
अब कथित पीड़िता माही टाकुली ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा है कि केवल सोशल मीडिया पोस्ट करने वालों पर कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने मांग की है कि वायरल फोटो की वैज्ञानिक एवं फॉरेंसिक जांच कराई जाए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि फोटो वास्तविक है या उसमें किसी प्रकार की छेड़छाड़ की गई है। उनका कहना है कि यदि फोटो की सत्यता सामने नहीं आती है तो भविष्य में भी इसी तस्वीर के आधार पर उन्हें बदनाम किया जाता रहेगा।
पीड़िता ने दावा किया कि वायरल फोटो के कारण उन्हें सामाजिक और मानसिक रूप से काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि इस विवाद के चलते सामान्य जीवन प्रभावित हुआ है और लोगों के बीच आने-जाने में भी असहजता महसूस होती है। उन्होंने जिला प्रशासन, महिला आयोग और संबंधित एजेंसियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सार्वजनिक करने की मांग की है।
वीडियो में पीड़िता ने यह भी कहा कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला और मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो वह आत्मघाती कदम उठाने जैसी स्थिति में पहुंच सकती हैं। इस बयान के बाद मामले की संवेदनशीलता और बढ़ गई है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com

uttarakhand…डांट से आहत किशोरी ने गटका फिनाइल, जिला अस्पताल में भर्ती