उत्तराखंड : शीतलहर से निपटने के लिए धामी सरकार अलर्ट -सभी जिलों में तैयारियों के निर्देश
–कोल्ड वेव एक्शन प्लान होगा अपडेट, जिला से ग्राम स्तर तक सक्रिय रहेंगी त्वरित प्रतिक्रिया टीमें, मौसम की चेतावनियों पर रहेगी पैनी नजर
देहरादून। उत्तराखंड में शीतलहर की संभावित चुनौती से निपटने के लिए धामी सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक के निर्देश पर उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने सभी जिलों को व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि शीतलहर के दौरान जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होगी और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखा जाएगा।
सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जिलों को अपना कोल्ड वेव एक्शन प्लान अपडेट रखने और संबंधित विभागों की जिम्मेदारियां स्पष्ट रूप से निर्धारित करने को कहा गया है। जिला, तहसील, विकासखंड और ग्राम स्तर पर त्वरित प्रतिक्रिया दलों को सक्रिय रखा जाएगा। इसके साथ ही शीतलहर से संबंधित कार्यों के लिए सभी विभागों में नोडल अधिकारी नामित किए जाएंगे। इन अधिकारियों के नाम, पदनाम और मोबाइल नंबर जिला एवं राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्रों को उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल संपर्क और समन्वय स्थापित किया जा सके।
उन्होंने बताया कि शीतलहर के दौरान जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय और सतर्क रखा जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से मौसम संबंधी चेतावनियों, सड़कों एवं यातायात की स्थिति, बिजली और पेयजल आपूर्ति, स्वास्थ्य संबंधी घटनाओं तथा बेघर एवं निराश्रित लोगों की स्थिति पर नियमित नजर रखी जाएगी। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
सचिव सुमन के अनुसार, भारत मौसम विज्ञान विभाग की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान और शीतलहर संबंधी चेतावनियों को जिला स्तर से तहसील, विकासखंड, नगर निकाय, ग्राम पंचायत और संबंधित विभागों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य संभावित खतरे की पूर्व सूचना देकर समय रहते बचाव एवं राहत संबंधी कदम उठाना और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
ADVERTISEMENTS
सबसे पहले ख़बरें पाने के लिए -
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के WhatsApp ग्रुप से जुड़ें
👉 फ़ास्ट न्यूज़ के फ़ेसबुक पेज़ को लाइक करें
👉 कृपया नवीनतम समाचारों से अवगत कराएं WhatsApp 9412034119
संपादक – फास्ट न्यूज़ उत्तराखण्ड
www.fastnewsuttarakhand.com



uttarakhand-साइबर ठगों ने तीन लोगों के खातों से उड़ाए 4.06 लाख रुपये